Ranikhetnews

शादी में पानी पीने पर विवाद, डीजे चलाने वाले दलित भाइयों पर हमला, चार नामजद हिरासत में।

शादी में पानी पीने पर विवाद, डीजे चलाने वाले दलित भाइयों पर हमला, चार नामजद हिरासत में।

हल्द्वानी, 12 मई। गौलापार क्षेत्र के देवला मल्ला गांव में 10 मई रविवार रात एक शादी समारोह के दौरान पानी पीने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप धारण कर लिया। आरोप है कि डीजे चला रहे दो दलित भाइयों पर बारात पक्ष के लोगों ने हमला कर दिया और जातिसूचक टिप्पणियां कीं। घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

पीड़ित उमेश चंद टम्टा की तहरीर के अनुसार, उनके भाई शुभम टम्टा शादी में डीजे संचालित कर रहे थे, जबकि उमेश का साला उनका सहयोग कर रहा था। शुभम ने पास के बर्तन से पानी पी लिया, तो कुछ युवकों ने आपत्ति जताई। बात बढ़ने पर गाली-गलौज शुरू हो गई और देखते ही देखते कई लोग जमा हो गए।

आरोपियों ने कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों के साथ शुभम की बेरहमी से पिटाई की। उमेश के मौके पर पहुंचने पर उनके सिर पर चाकू से हमला भी किया गया। घायल शुभम का इलाज सुशीला तिवारी अस्पताल में चल रहा है।

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और महिलाओं ने काठगोदाम कोतवाली पहुंचकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर नामजद चार लोगों को हिरासत में ले लिया है। थानाध्यक्ष विमल मिश्रा ने बताया कि पूछताछ जारी है और जांच पूरी होने पर आगे कार्रवाई होगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top