Ranikhetnews

क्लच ने काम करना बंद किया तो कार से उतरे तीन वाहन सवार, कुछ ही पलों में कार बन गयी आग का गोला।

क्लच ने काम करना बंद किया तो कार से उतरे तीन वाहन सवार, कुछ ही पलों में कार बन गयी आग का गोला।

अल्मोड़ा/द्वाराहाट। अल्मोड़ा जिले के द्वाराहाट-चौखुटिया मार्ग पर शुक्रवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया जब चलती निसान मैग्नाइट कार में अचानक आग लग गई। घटना ग्राम बैरती स्थित ग्रीन वैली रेस्टोरेंट के पास शाम करीब 5:15 बजे हुई। गनीमत रही कि कार में सवार तीनों लोग समय रहते बाहर निकलकर सुरक्षित रहे, जबकि वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, काठगोदाम (नैनीताल) निवासी कपिल आर्या, जो वर्तमान में एसबीआई गौचर (चमोली) में कार्यरत हैं, गौचर से हल्द्वानी लौट रहे थे। उनके साथ शुभम और निखिल कोहली भी थे। ग्राम बैरती के पास अचानक वाहन (नंबर UK04AH3938) का क्लच फंग्शन करना बंद हो गया। कपिल ने कार सड़क किनारे रोकी और जांच करने पर इंजन के पास से भारी धुआँ और आग की लपटें उभरती देखीं।

लोकल लोगों और रेस्टोरेंट संचालक की मदद में दौड़े। पास स्थित ग्रीन वैली रेस्टोरेंट के मालिक बालम सिंह नेगी तथा स्थानीय लोगों ने पानी के पाइप और मिट्टी से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण वाहन जल्द ही पूरा जल गया। मौके पर मौजूद लोगों ने वाहन सवारों का जरूरी सामान बाहर निकालकर उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

सूचना मिलने पर द्वाराहाट कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों दिशाओं से आने-जाने वाले वाहनों को रोककर मार्ग पर यातायात नियंत्रित किया ताकि किसी अन्य वाहन को नुकसान न हो। कठिन प्रयासों के बाद पुलिस व स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वाहन पूर्णतया जल चुका था।

प्रारम्भिक जांच में घटना को आकस्मिक माना जा रहा है। पुलिस ने वाहन स्वामी को आगे की वैधानिक कार्रवाई हेतु थाने में प्रार्थना-पत्र देने के लिए कहा है। अल्मोड़ा पुलिस ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि वाहन में किसी भी तकनीकी खराबी या आग जैसी स्थिति में घबराने की बजाय तुरन्त सुरक्षित स्थान पर रुककर ‘डायल 112’ पर संपर्क किया जाए। मार्ग पर अब यातायात सुचारू कर दिया गया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top