Ranikhetnews

हर घर तिरंगा अभियान 9 से, 15 अगस्त की तैयारियां तेज, जिलाधिकारी अल्मोड़ा बोले : तहसील से पंचायत तक गरिमापूर्ण होंगे स्वतंत्रता दिवस समारोह।

हर घर तिरंगा अभियान 9 से, 15 अगस्त की तैयारियां तेज, जिलाधिकारी अल्मोड़ा बोले : तहसील से पंचायत तक गरिमापूर्ण होंगे स्वतंत्रता दिवस समारोह।

अल्मोड़ा, संवाददाता। स्वतंत्रता दिवस और ‘हर घर तिरंगा-2026’ अभियान को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में 9 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा-2026’ अभियान व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा। अभियान के तहत प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, बस अड्डों, पार्कों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर तिरंगा फहराया जाएगा। इसके साथ ही विशेष स्वच्छता अभियान भी संचालित किया जाएगा, ताकि राष्ट्रोत्सव के साथ स्वच्छता का संदेश भी जन-जन तक पहुंचे।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अधिक से अधिक लोगों को ‘हर घर तिरंगा’ पोर्टल पर तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी अपलोड करने के लिए प्रेरित किया जाए। 15 अगस्त को सुबह प्रभातफेरी निकाली जाएगी। इसके बाद सुबह 9 बजे सभी सरकारी, गैर सरकारी कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों में ध्वजारोहण होगा। वहीं, जिला अधिकारी कार्यालय में सुबह 9:30 बजे ध्वजारोहण के साथ राष्ट्रगान, वंदे मातरम् का सामूहिक गायन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान राष्ट्र के प्रति सम्मान, एकता और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने सभी अधिकारियों और नागरिकों से ध्वज संहिता का पालन करते हुए अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। साथ ही निर्देश दिए कि जिला मुख्यालय के अलावा सभी तहसीलों और पंचायतों में भी स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम पूरे सम्मान और गरिमा के साथ आयोजित किए जाएं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top