
रानीखेत में वाल्मीकि प्रकट दिवस पर निकली भव्य शोभायात्रा, जयकारों से गूंजा रानीखेत, शिव तांडव, राधा-कृष्ण नृत्य और आकर्षक झांकियों को लोगों ने सराहा।
रानीखेत। महर्षि वाल्मीकि प्रकट दिवस पर सोमवार को रानीखेत में श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। वाल्मीकि समाज की ओर से निकाली गई शोभायात्रा में आकर्षक झांकियों, बैंड-बाजों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने लोगों का ध्यान खींचा। यात्रा में समाज के सैकड़ों लोगों ने भाग लेकर महर्षि वाल्मीकि के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।

शोभायात्रा सुभाष चौक से शुरू होकर गांधी चौक, सदर बाजार, रोडवेज और जरूरी बाजार सहित नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी। भगवान शिव के तांडव, शिव-पार्वती की नृत्य नाटिका और राधा-कृष्ण के नृत्य ने दर्शकों को आकर्षित किया। वहीं पांडा और चिंपाजी के रूप में कलाकारों ने भी लोगों का मनोरंजन किया। मार्ग में जगह-जगह लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल, कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य एवं उत्तराखंड कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा , भाजपा प्रदेश कार्यकारणी सदस्य दीप पांडेय, पूर्व ब्लॉक प्रमुख हीरा सिंह रावत शामिल हुए। वाल्मीकि समाज के लोगों ने पारंपरिक पगड़ी पहनाकर अतिथियों का स्वागत किया।

इस दौरान करन माहरा ने महर्षि वाल्मीकि के जीवन और शिक्षाओं को स्मरण करते हुए कहा कि उनके आदर्श सत्य, सदाचार, ज्ञान और मानवता का संदेश देते हैं। उन्होंने सामाजिक भेदभाव दूर करने तथा समानता, आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
आयोजन में चौधरी रोहित राजोरिया, धीरज महरोलिया, जगदीश मनोठिया, मोहित राजोरिया, अगस्त लाल साह, कांग्रेस विधानसभा समन्वयक कुलदीप कुमार, रुद्र प्रताप माहरा, नवीन, हरीश, संजीव कुमार, दयाल, नीरज वाल्मीकि, मुकेश कुमार, सुनील कुमार, अनिल, सुनील मनोठिया और राजेंद्र कुमार सहित वाल्मीकि समाज के अनेक लोग मौजूद रहे।

