
उत्तराखंड में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान शुरू, अभी तक छूट गए मतदाता भी कर सकेंगे आवेदन; चार जनवरी को अंतिम सूची जारी होगी
देहरादून। उत्तराखंड में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) अभियान के तहत 12 नवंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर यह अभियान संचालित किया जा रहा है। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, संशोधन कराने और आपत्तियां दर्ज करने के लिए 11 दिसंबर 2026 तक का समय निर्धारित किया गया है।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि ऐसे युवा, जो एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं, वे मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा किसी कारणवश जिन पात्र व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं, वे भी फार्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के माध्यम से ऑफलाइन आवेदन करने के साथ ईसीआई नेट ऐप के जरिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
उन्होंने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज की जाएंगी। इसके बाद 28 दिसंबर 2026 तक प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। चार जनवरी 2027 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
प्रदेश में 71.58 लाख से अधिक मतदाता
उत्तराखंड में हाल ही में संपन्न विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान-2026 के बाद तीन अक्टूबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया गया था। उस समय प्रदेश में कुल 71,58,949 मतदाता दर्ज थे। इनमें 37,37,701 पुरुष, 34,21,036 महिलाएं और 212 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल थे।
मतदाता पुनरीक्षण अभियान का कार्यक्रम
– 12 नवंबर 2026 : ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन
– 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 : दावे एवं आपत्तियां दर्ज करने की अवधि
– 28 दिसंबर 2026 : दावे-आपत्तियों के निस्तारण की अंतिम तिथि
– 4 जनवरी 2027 : मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन

