
कैंची धाम के एक रेस्टोरेंट में आधी रात को युवक ने की आत्महत्या। रेस्टोरेंट मालिक की पिस्टल से चली गोली। बड़ा सवाल आखिर कर्मचारी के पास कैसे पहुंची पिस्टल?
कैंची धाम में एक युवक ने आत्महत्या कर ली, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। यह घटना कैंची धाम स्थित किरौला रेस्टोरेंट में देर रात लगभग 2 बजे हुई, जहां 39 वर्षीय आनंद सिंह नामक युवक ने संदिग्ध हालात में खुद को गोली मार ली। पुलिस की प्राथमिक जांच और फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है।

बताया जा रहा है कि आनंद सिंह रेस्टोरेंट में कर्मचारी थे और जिस पिस्टल से उनकी मौत हुयी है वो रेस्टोरेंट मालिक की लाइसेंसी पिस्टल है। बताया जा रहा है कि घटना के समय वे किसी से फोन पर बात कर रहे थे, जिसमें उन्होंने खुद को नुकसान पहुंचाने जैसी बातें कही थीं। गोली कान के नीचे लगी जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और पूरे मामले की फॉरेंसिक और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही पुष्टि होगी कि मामला पूरी तरह आत्महत्या है या नहीं। इस मामले की सबसे बड़ी सनसनी यह है कि मृतक के पास मालिक की लाइसेंसी पिस्टल कैसे पहुंची और वह उसका इस्तेमाल करने में कैसे कामयाब रहा? परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
