
दो अलग-अलग मामलों में साढ़े सात लाख कीमत का कुल 29 किलो गांजा बरामद, अभियुक्तों का पहले भी रहा है आपराधिक इतिहास।
दो अलग अलग मामलों में सल्ट पुलिस द्वारा कुल 29.08 Kg कीमत रुपये 7,27,000 गांजा बरामद किया गया। पहले मामले में सल्ट थाना पेसिया में 12.585 kg तो दूसरे मामले में सल्ट के कालीगांव, रगडगाड बैण्ड के पास 16.495 kg अवैध गांजा बरामद किया गया।
पहले मामले में सल्ट के पेसिया से लगभग 01 Km आगे झीमार रोड पर चैकिंग के दौरान झीमार की तरफ से आ रही एक सफेद रंग की अपाचे बाइक UK18-5427 पर सवार एक व्यक्ति की तलाशी पर 12.585 kg अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत- 3,14,625 रुपये बताई गयी है । इस मामले में राजेश कुमार उम्र- 23 वर्ष पुत्र अतर सिंह निवासी ग्राम दोहरी वकील भट्टे के पास कुण्डेश्वरी (काशीपुर) को गिरफ्तार कर मुक़दमा दर्ज किया गया है। इस व्यक्ति पर पहले भी अलग अलग धाराओं में 7 मुकदमे दर्ज है। अभियुक्त राजेश कुमार ने बताया कि वह राजस्व क्षेत्र गुलार से गांजा कुण्डेश्वरी काशीपुर ले जा रहा था। जिसे पुड़िया में बेचने की योजना थी।

दूसरा मामला-
सल्ट के ही दूसरे मामले में कालीगांव, रगडगाड बैण्ड के पास चैकिंग के दौरान कालीगांव की तरफ से एक काले रंग की हीरो स्पैण्डर प्लस मोटर साईकिल UK-06-AS-6873 पर सवार दो व्यक्तियों की तलाशी पर 16.495 kg अवैध गांजा बरामद किया गया और मोटर साईकिल सीज की गई। इस मामले में अलाउद्दीन उम्र 25 वर्ष निवासी मुरादाबाद तथा नौशाद उम्र 23 वर्ष निवासी मुरादबाद को गिरफ्तार किया गया है तथा 4,12,375 रुपये कीमत का 16.495 kg गांजा बरामद किया गया है। इन दोनों पर भी पूर्व में आपराधिक मुक़दमा दर्ज है। दोनों अभियुक्त पहाड़ी क्षेत्रों से गांजा एकत्र कर बुढानपुर अलीगंज उ0प्र0 में गांजा बेचकर मुनाफा कमाने की फिराक में थे।

