
जिलाधिकारी पहुंचे ताड़ीखेत : बस टर्मिनल व रोडवेज वर्कशॉप के निर्माण में आएगी तेजी, रोड निर्माण के लिए ध्वस्त किया जायेगा पुराना भवन।
रानीखेत में बस टर्मिनल व रोडवेज वर्कशॉप के निर्माण कार्यों को तेज कराने के लिए विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल और जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने ताड़ीखेत में निर्माणाधीन कार्यशाला तथा प्रस्तावित बस अड्डे का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने स्थल का जायजा लेकर निर्माण के लिए उपयुक्त मार्ग चुना और आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान तय हुआ कि वर्कशॉप तक सड़क मार्ग बनाने के लिए युवा कल्याण विभाग (यूडब्ल्यूडी) के जर्जर तथा निष्क्रिय भवन को ध्वस्त कर दिया जाएगा। प्रस्तावित मार्ग पर मौजूद अतिक्रमण की पहचान कर उनसे संबंधित आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। स्थल के चयन, प्रस्तावित निर्माण कार्यों और सड़क मार्ग का बारीकी से निरीक्षण करने के बाद अधिकारियों ने वर्कशॉप परिसर में स्थानीय व्यापारियों व कारीगरों की सुविधा के मद्देनजर कैंटीन व अन्य आवश्यक दुकानों की व्यवस्था करने का प्रस्ताव अनुमोदित किया। साथ ही वनभूमि के हस्तांतरण की प्रगति की समीक्षा कर संबंधित विभागों को प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने स्थानीय लोगों से संवाद कायम कर उनकी समस्याओं के निराकरण का भरोसा दिलाया। निरीक्षण के दौरान संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी अनीता चंद और वन विभाग की एसडीओ काकुल पुंडीर समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
