
रानीखेत के चिलियानौला में एसआईआर अंतर्गत मतदाता नोटिस सुनवाई शुरू, 133 मतदाताओं को जारी हुए है नोटिस।
रानीखेत के चिलियानौला में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत बुधवार से चिलियानौला नगरपालिका क्षेत्र के बूथ संख्या 71 के मतदाताओं के लिए नोटिस सुनवाई का कार्य शुरू हो गया। सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) राजेश बुधानी के निर्देशन में यह प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न कराई गई। सुनवाई कार्य में राजस्व उपनिरीक्षक एवं सुपरवाइजर कुबेर सिंह मेहरा, बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) नीमा आर्या तथा सहायक नीमा बिरोड़िया सक्रिय सहयोग प्रदान कर रहे हैं।

133 मतदाताओं को जारी नोटिस
चिलियानौला बूथ संख्या 71 में कुल 133 मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। 29 जुलाई 2026 तक 60 नोटिसों पर सुनवाई की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। शेष बचे नोटिसों पर भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुनवाई कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। निर्वाचन विभाग ने संबंधित मतदाताओं से अनुरोध किया है कि वे अपने नोटिसों पर अंकित निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होकर आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करें। इससे पुनरीक्षण कार्य समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पूर्ण किया जा सकेगा।
एसआईआर कार्यक्रम का उद्देश्य
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा देशभर में चल रहे इस विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूचियों को सटीक, अद्यतित और डुप्लीकेट प्रविष्टियों से मुक्त बनाना है। इस प्रक्रिया में योग्य मतदाताओं को छूटने से बचाते हुए अपात्र नामों को हटाने पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
