
मोहान में 21 वर्षीय युवती को बाघ ने बनाया अपना शिकार, क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल।
अल्मोड़ा। अल्मोड़ा वन प्रभाग के मोहान रेंज अंतर्गत डभरा सौराल तोक, घोड़ीधार क्षेत्र में रविवार को बाघ के हमले में 21 वर्षीय युवती की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) दीपक सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव बरामद कर लिया गया।

वन विभाग ने बताया कि क्षेत्र में 09 किलोमीटर सोलर फेंसिंग का कार्य प्रगति पर है। इसके अतिरिक्त जिला प्रशासन द्वारा पीएमजीएसवाई के माध्यम से समीपवर्ती संवेदनशील क्षेत्रों में भी फेंसिंग कार्य प्रारंभ किया गया है। प्रभावित गाँवों में व्यापक जनजागरुकता अभियान संचालित किए जा रहे हैं तथा नियमित निगरानी एवं त्वरित सूचना आदान-प्रदान के लिए पूर्व से गठित व्हाट्सएप समूह सक्रिय रुप से संचालित किया जा रहा है।

डीएफओ दीपक सिंह ने बताया कि मृतका के परिजनों को देय ₹10 लाख की अनुग्रह सहायता की धनराशि के भुगतान की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। मानव-वन्यजीव संघर्ष की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी आवश्यक एहतियाती एवं अनुवर्ती कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर लगातार की जा रही है।
