
मानवता हुई शर्मसार, गधेरे के पास जीवित मिला नवजात शिशु, क्षेत्र में अटकलों का दौर, बच्चा अस्पताल में भर्ती।
गोपेश्वर। चमोली जिले के दशोली विकासखंड स्थित रागतोली गांव के पास गधेरे में एक नवजात शिशु जीवित अवस्था में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शिशु को तत्काल जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।

जानकारी के अनुसार सुबह ग्रामीणों ने रागतोली गांव के समीप गधेरे की ओर से बच्चे के रोने की आवाज सुनी। आवाज की दिशा में पहुंचने पर उन्होंने एक नवजात को लावारिस हालत में पड़ा देखा। यह देखकर ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नवजात को सुरक्षित जिला चिकित्सालय पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने शिशु का स्वास्थ्य परीक्षण किया। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक नवजात जीवित है और उसकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
घटना की सूचना फैलते ही अस्पताल और गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। पूरे क्षेत्र में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। ग्रामीणों का कहना है कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि किसी ने सुबह के समय नवजात को गधेरे के पास छोड़ दिया होगा। हालांकि पुलिस ने किसी भी संभावना की पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
