
रानीखेत में तीन सितंबर को तीन आयु वर्गों में होगी क्यूट कान्हा प्रतियोगिता।
रानीखेत। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर सांस्कृतिक समिति रानीखेत की ओर से इस वर्ष भी नन्हे-मुन्ने बच्चों के लिए क्यूट कान्हा प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता तीन सितंबर को शिव मंदिर रानीखेत में होगी। प्रतियोगिता को भव्य रूप देने के लिए समिति ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

रविवार को सांस्कृतिक समिति अध्यक्ष विमल सती की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। इसमें आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से जन्माष्टमी के अवसर पर तीन सितंबर को क्यूट कान्हा प्रतियोगिता कराने का निर्णय लिया गया। समिति के अनुसार प्रतियोगिता में बच्चों को तीन आयु वर्गों में शामिल किया जाएगा। इसमें **शून्य से एक वर्ष, एक से तीन वर्ष और तीन से पांच वर्ष** आयु वर्ग निर्धारित किए गए हैं। प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए जन्म प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। पंजीकरण के लिए 50 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रतियोगिता में शामिल होने वाले सभी बच्चों को पुरस्कृत किया जाएगा। समिति का कहना है कि प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में भारतीय संस्कृति और श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप के प्रति आकर्षण बढ़ाने के साथ ही जन्माष्टमी पर्व को उत्साहपूर्वक मनाना है। गौरतलब है कि सांस्कृतिक समिति की ओर से वर्ष 2018 से क्यूट कान्हा प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। हर वर्ष बड़ी संख्या में नन्हे प्रतिभागी इसमें हिस्सा लेते हैं।
बैठक का संचालन सांस्कृतिक समिति महासचिव गौरव भट्ट ने किया। इस दौरान समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारियों पर भी विचार-विमर्श किया। बैठक में संरक्षक हरीश लाल शाह संरक्षक , उपाध्यक्ष राजेंद्र पंत, कोषाध्यक्ष गौरव तिवारी,उप सचिव दीपक पंत ,पंकज साह ,शुभम अग्रवाल ,डॉ विनीता खाती, श्रीमती गीता जोशी श्रीमती रीना वर्मा आदि मौजूद रहे।
