
नीती घाटी में तीन बार फटा बादल, वैली ब्रिज बहा, BRO का ऑपरेटर लापता, देखिये वीडियो।
चमोली। भारत-चीन सीमा से सटी नीती घाटी में सोमवार को मौसम ने अचानक करवट ली। तमक गधेरे में एक के बाद एक तीन बार बादल फटने से भारी मात्रा में पानी नाले में आ गया। तेज बहाव की चपेट में आकर सीमा सड़क संगठन (BRO) की ओर से बनाया गया वैली ब्रिज बह गया। पुल बहने से नीती घाटी का जिला मुख्यालय से सड़क संपर्क बाधित हो गया है। क्षेत्र में आवाजाही भी पूरी तरह प्रभावित हुई है।
बताया गया कि सोमवार को तमक गधेरे में अचानक बादल फटने की घटनाएं हुईं। इसके बाद नाले का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। देखते ही देखते पानी का बहाव इतना तेज हो गया कि वह अपने साथ वैली ब्रिज को भी बहा ले गया। अचानक आई आपदा से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने बादल फटने और पुल के बहने का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने लगा।
मशीन चला रहा था ऑपरेटर, अचानक हुआ लापता
वैली ब्रिज बहने की घटना के बाद BRO के एक ऑपरेटर के लापता होने की सूचना भी सामने आई है। जोशीमठ के उपजिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ठ ने बताया कि उनकी BRO के मेजर से फोन पर बातचीत हुई है। मेजर ने एक ऑपरेटर के लापता होने की जानकारी दी है।
एसडीएम के अनुसार, ऑपरेटर घटना के समय मशीन चला रहा था। इसी दौरान अचानक तेज बारिश होने लगी और गधेरे में पानी का बहाव तेजी से बढ़ गया। इसके बाद ऑपरेटर का पता नहीं चल पाया। आशंका जताई जा रही है कि वह तेज बहाव में बह गया होगा। हालांकि, उसकी वास्तविक स्थिति का पता राहत एवं बचाव दल के मौके पर पहुंचने और खोजबीन के बाद ही चल सकेगा।
राहत-बचाव दल रवाना
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ समेत संबंधित विभागों की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गई हैं। टीमें मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लेंगी। इसके साथ ही लापता ऑपरेटर की तलाश और प्रभावित क्षेत्र में राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया जाएगा।
VIDEO:
