
रानीखेत में 136वें मां नंदा-सुनंदा महोत्सव की तैयारियां शुरू, 15 से 23 सितंबर तक होगा आयोजन।
रानीखेत। मां नंदा-सुनंदा सेवा समिति की बैठक में इस वर्ष 136वें मां नंदा-सुनंदा महोत्सव को भव्य रूप से आयोजित करने का निर्णय लिया गया। महोत्सव 15 से 23 सितंबर तक आयोजित होगा। बैठक में महोत्सव की तैयारियों और विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
तय कार्यक्रम के अनुसार 15 सितंबर को पंचमी के दिन सुबह नौ बजे विमल भट्ट निवास माधव कुंज, राय स्टेट से कदली वृक्ष लाए जाएंगे। इसी दिन कदली वृक्षों से मां नंदा-सुनंदा की मूर्तियों के निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा। 19 सितंबर को अष्टमी के दिन ब्रह्म मुहूर्त में मां नंदा-सुनंदा की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। इसी दिन पूर्वाह्न से अंतरविद्यालयी लोकनृत्य प्रतियोगिता भी शुरू होगी।

महोत्सव के दौरान पूर्व वर्षों की भांति महिलाओं की झोड़ा-छपेली प्रतियोगिता के साथ मेहंदी, ऐपण, चित्रकला, कुमाऊंनी व्यंजन, मांगल गीत, विवाह गीत, फैंसी ड्रेस और पारंपरिक परिधान प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के साथ बच्चों और महिलाओं के लिए मनोरंजक खेलकूद प्रतियोगिताएं भी होंगी। महोत्सव के अंतिम दिन 23 सितंबर को मां नंदा-सुनंदा का डोला भव्य सांस्कृतिक शोभायात्रा के साथ सुबह 10 बजे नंदा देवी मंदिर परिसर से निकलेगा। वहीं, स्कूली सांस्कृतिक शोभायात्रा श्री शिव मंदिर से शुरू होगी।

बैठक में महोत्सव के विभिन्न आयोजनों के लिए प्रायोजक तलाशने और आर्थिक सहयोग जुटाने के प्रयास करने का भी निर्णय लिया गया। समिति पदाधिकारियों ने कहा कि सहयोग के माध्यम से महोत्सव को इस बार और अधिक भव्य स्वरूप देने का प्रयास किया जाएगा। बैठक में समिति के संरक्षक मंडल क्रमशः हरीश लाल साह, किरण लाल साह, मुकेश साह, अनिल वर्मा ,भुवन सती, अनिल पांडे सांस्कृतिक समिति अध्यक्ष विमल सती ने अपने विचार एवं सुझाव रखे। बैठक की अध्यक्षता गौरव भट्ट ने की। बैठक में मोहिल साह पीयूष साह, राजेन्द्र पंत, अभिषेक कांडपाल ,दीपक पंत , पंकज साह ,सौरभ अग्रवाल, ललितमोहन नेगी, गौरव तिवारी, मनीष साह,अमित साह आदि लोग उपस्थित रहे।
