Ranikhetnews

जो भीड़ बनाकर कानून तोड़ेगा, उसे सीधा सलाखों के पीछे भेजा जाएगा, बीती रात हल्द्वानी की घटना पर सख्त हुए एसएसपी टीसी, सोशल मीडिया पर भी मॉनिटरिंग।

जो भीड़ बनाकर कानून तोड़ेगा, उसे सीधा सलाखों के पीछे भेजा जाएगा, बीती रात हल्द्वानी की घटना पर सख्त हुए एसएसपी टीसी, सोशल मीडिया पर भी मॉनिटरिंग।

बीती रात हल्द्वानी के बरेली रोड क्षेत्र में एक नवजात पशु का सिर मिलने पर तनाव की स्थिति बनी। घटना के तत्काल बाद एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी के कड़े निर्देश पर पुलिस द्वारा आसपास के CCTV कैमरों की गहन जांच की गई, जिसमें स्पष्ट हुआ कि एक कुत्ता जंगल की ओर से यह अंग लेकर आता दिखाई दिया। तात्कालिक स्तर पर की गई जांच में भी यह संकेत मिला कि जंगल क्षेत्र में किसी पशु के ब्याने के बाद यह हिस्सा बाहर लाया गया।

इसके बावजूद, कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा भीड़ इकट्ठा कर अनावश्यक उपद्रव एवं तोड़फोड़ की गई थी। इस पर एसएसपी मंजुनाथ टीसी ने कड़ा रुख इख़्तियार किया है और उपद्रवियों का चिन्हीकरण किया जा रहा है तथा सभी के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में कठोरतम कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

शहर की स्थिति पूरी तरह सामान्य रखने हेतु 04 क्षेत्राधिकारी (CO), सभी थानाध्यक्ष, पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं PAC, PHQ एवं रेंज से भारी पुलिस बल प्राप्त किया गया है एवं पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिए गए हैं। साथ ही आवश्यकता अनुसार पैरामिलिट्री फोर्स की मांग भी की गई है।

एसएसपी ने कहा है कि शहर में जो भी उपद्रवी कहीं भी दिखाई देगा, उसके विरुद्ध बहुत सख्ती से पुलिस कार्यवाही करेगी, और सुसंगत धाराओं में अभियोग भी पंजीकृत किया जाएगा एवं तदनुसार सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। सभी उपद्रवियों की वीडियोग्राफी कर कार्यवाही की जा रही है। इसके साथ ही सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम भी सक्रिय है, किसी भी तरह के भड़काऊ मैसेज, पोस्ट या कमेंट करने वालों पर भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नैनीताल जनपद पुलिस आमजन से शांति, संयम और अफवाहों से दूर रहने की अपील करती है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top