Ranikhetnews

कुकिंग गैस सप्लाई को लेकर जिलाधिकारी ने ली बैठक, गैस एजेंसियो को दिए निर्देश, हेल्पलाइन नंबर जारी।

कुकिंग गैस सप्लाई को लेकर जिलाधिकारी ने ली बैठक, गैस एजेंसियो को दिए निर्देश, हेल्पलाइन नंबर जारी।

कुकिंग गैस की सप्लाई को सुगम बनाने के लिए जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों तथा जनपद में संचालित घरेलू गैस एजेंसियों के संचालकों, प्रभारियों और अन्य संबंधित हितधारकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में घरेलू गैस की आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने, कालाबाजारी एवं जमाखोरी पर प्रभावी नियंत्रण पर चर्चा की गयी।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने गैस एजेंसी संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि घरेलू गैस आपूर्ति में किसी भी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न न होने पाए। इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित व्यवस्थाओं और दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जनपद में घरेलू गैस की उपलब्धता पर्याप्त मात्रा में है, इसलिए जनपदवासियों को किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।

जिलाधिकारी ने सभी गैस वितरकों को निर्देशित किया कि बिना बुकिंग के किसी भी व्यक्ति को गैस सिलेंडर की आपूर्ति न की जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि गैस बुकिंग के लिए निर्धारित 25 दिन के अंतराल का पालन अनिवार्य रूप से किया जाएगा, जिससे सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराई जा सके और अनावश्यक भीड़ अथवा अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।

जिलाधिकारी ने  चेतावनी दी कि यदि किसी भी स्तर पर कालाबाजारी, जमाखोरी अथवा अनियमितता का मामला सामने आता है तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से भी अपील की कि वे निर्धारित समयावधि में ही गैस बुकिंग कराएं और अनावश्यक रूप से अतिरिक्त सिलेंडर लेने का प्रयास न करें। उन्होंने कहा कि यदि किसी उपभोक्ता को ऑनलाइन बुकिंग में समस्या आती है तो वह मैनुअल बुकिंग कराकर संबंधित गोदाम से सिलेंडर प्राप्त कर सकता है।

जिलाधिकारी ने कहा कि गैस आपूर्ति संबंधी शिकायत दर्ज कराने, उक्त विषय से संबंधित किसी भी सूचना देने तथा स्थिति पर सतत निगरानी रखने के लिए कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 05962-237875, 05962-237874 तथा मोबाइल नंबर +91 79004 33294 जारी किए गए हैं।

बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रशेखर आर घोड़के, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र जी, उपजिलाधिकारी श्री संजय कुमार, सहायक प्रबंधक इंडियन ऑयल गैस श्री रोहित गुप्ता, जिला पूर्ति अधिकारी करुणा पंत जी, गैस एजेंसियों के प्रभारी, वितरक तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे साथ ही क्विक रिस्पांस दलों के सदस्य वर्चुअली रूप से जुड़े रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top