Ranikhetnews

रानीखेत में 27 जुलाई से शुरू होने वाली आर्मी भर्ती रैली, सेना अधिकारियों ने स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय कर शुरू की तैयारियां।

रानीखेत में 27 जुलाई से शुरू होने वाली आर्मी भर्ती रैली, सेना अधिकारियों ने स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय कर शुरू की तैयारियां।

रानीखेत — कुमाऊं व नागा रेजिमेंट सेंटर (केआरसी) मुख्यालय में भारतीय सेना की अग्निवीर और यूनिट कोटा भर्ती रैलियों की तैयारियाँ जोरों पर हैं। ऐतिहासिक सोमनाथ मैदान में 27 जुलाई से शुरू होने वाली भर्ती रैली के पहले दिन उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के सभी जिलों के युवक केंद्रीय श्रेणी (धार्मिक शिक्षक/जेसीओ व शिक्षा हवलदार) में शामिल होकर अपनी किस्मत आजमाएंगे।

रैली के दूसरे दिन यानी 28 जुलाई को जोनल श्रेणी के सोल्जर टेक्निकल नर्सिंग असिस्टेंट के लिये प्रतियोगिता होगी, जबकि 29 जुलाई को सोल्जर टेक्निकल नर्सिंग असिस्टेंट व सेपोइ फार्मा पदों के लिए युवा हिस्सा लेंगे। 30 जुलाई से छह अगस्त तक आहूत अग्निवीर जनरल कैटेगरी तथा अग्निवीर टेक्निकल व ट्रेड्समैन की भर्ती होगी, जिसमें केवल कुमाऊं के अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल और उधमसिंह नगर जनपदों के युवा भाग लेंगे। अधिकारियों ने बताया कि समूचा भर्ती क्रम नौ अगस्त तक चलेगा।

निदेशक भर्ती कार्यालय कर्नल महेश कुमार ने कहा कि रैली में आने वाले अभ्यर्थियों के रहने-खाने और अन्य व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कैंट, मिशन तथा नेशनल इंटर कालेज के साथ शिव मंदिर धर्मशाला व रंगोली सभागार में आवास की व्यवस्था की गई है। साथ ही स्थानीय होटल व रेस्टोरेंटों में भोजन की दर सूची चस्पा करने के निर्देश भी दिए गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि अभ्यर्थियों का सैन्य परिसर में प्रवेश प्रतिदिन प्रातः 3:30 बजे से शुरू होगा और प्रवेश की अनुमति सुबह 6:00 बजे तक ही रहेगी।

जिलेवार कार्यक्रम के अनुसार 30 जुलाई को अग्निवीर जनरल कैटेगरी के लिए बागेश्वर के उम्मीदवार भाग लेंगे, 31 जुलाई को बागेश्वर और नैनीताल, 1 अगस्त को नैनीताल, 2 अगस्त को नैनीताल व उधमसिंह नगर, 3 अगस्त को उधमसिंह नगर व अल्मोड़ा, 4 और 5 अगस्त को अल्मोड़ा तथा 6 अगस्त को टेक्निकल व ट्रेड्समैन भर्ती आयोजित होगी। भर्ती दौरान सहायक भर्ती अधिकारी सुनील कुमार, ईई जल संस्थान सुरेश ठाकुर, एसडीओ ऊर्जा आयुष चौहान, एइ लोनिवि पुनीता रानी, इओ पालिका राजेश बुधानी, स्वच्छता निरीक्षक छावनी अजय प्रताप सिंह व एसएसआइ बृजमोहन भट्ट सहित कई अधिकारी मौजूद रहेंगे।

सैनाभर्ती कार्यालय ने बताया कि 17 से 28 अगस्त के बीच केआरसी व नागा मुख्यालय में यूनिट कोटा भर्ती रैली भी आयोजित की जाएगी। इसमें 17 अगस्त को अग्निवीर जनरल ड्यूटी (जीडी) के लिए उत्तराखंड के सभी जिलों के युवा प्रतिभाग करेंगे जबकि 18 अगस्त को शारीरिक दक्षता परीक्षा कराई जाएगी। 19 अगस्त को यूपी, राजस्थान, हरियाणा, मध्य प्रदेश, दिल्ली, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ तथा पूर्वोत्तर राज्यों के युवा जनरल ड्यूटी के लिए मैदान में उतरेंगे। 20 अगस्त को दौड़ पास कर चुके युवाओं की शारीरिक दक्षता परीक्षा होगी, 21 अगस्त को ट्रेडमैन, 22 अगस्त को शारीरिक दक्षता, 23 अगस्त को विशिष्ट खिलाड़ियों को मौका व 24 अगस्त को शारीरिक दक्षता के अगले चरण कराये जाएंगे।

भर्ती अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि रैली में केवल उन्हीं उम्मीदवारों को भाग लेने की अनुमति होगी जिनके पास रेजिमेंट द्वारा जारी भर्ती नोटिफिकेशन में बताए गए सभी निर्धारित दस्तावेज उपलब्ध होंगे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top