Ranikhetnews

रुद्रपुर में तीन लोगों ने किया युवती से सामूहिक दुष्कर्म।

रुद्रपुर में तीन लोगों ने किया युवती से सामूहिक दुष्कर्म।

रुद्रपुर। सिडकुल क्षेत्र की एक कंपनी में कार्यरत युवती ने तीन अज्ञात व्यक्तियों पर अपहरण कर उसे जंगल ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार घटना शनिवार रात की बताई जा रही है। युवती सहेली और दो अन्य साथियों के साथ गदरपुर गई थी। रात करीब साढ़े 11 बजे सभी रुद्रपुर लौट रहे थे तभी काशीपुर रोड के रिंग रोड के पास बाइक पर आए तीन अज्ञात युवक उनसे टकराए और मारपीट कर सभी को रोक लिया। आरोप है कि उसके बाद आरोपियों ने चारों को पकड़कर धमकाया और जंगल की ओर ले गए। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पहले युवती की सहेली और एक युवक का मोबाइल छीनकर उन्हें छोड़ दिया। बाद में दूसरे युवक को भी छोड़ा गया जबकि उसकी बाइक आरोपी साथ ले गए। आरोप है कि युवती को जंगल में ले जाकर तीनों आरोपियों ने सामूहिक दुष्कर्म किया।

युवती ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने तुरंत खोजबीन शुरू की और रविवार सुबह भूरारानी स्थित निर्माणाधीन रेलवे अंडरपास के पास झाड़ियों में युवती को बेहोशी जैसी हालत में बरामद किया। उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराकर मेडिकल परीक्षण कराया गया। पीड़िता की तहरीर पर सिडकुल पुलिस ने तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और घटनास्थल की पुष्टि के साथ आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। सीओ विभव सैनी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top