Ranikhetnews

कमिश्नर दीपक रावत और विधायक सरिता आर्या को भी मिला एसआईआर नोटिस।

कमिश्नर दीपक रावत और विधायक सरिता आर्या को भी मिला एसआईआर नोटिस।

नैनीताल। निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत जिले में चल रहे घर-घर मतदाता सत्यापन के दौरान कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत और नैनीताल विधायक सरिता आर्या के आवास पर भी सत्यापन संबंधी नोटिस पहुंचा है। प्रशासन का कहना है कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया सभी मतदाताओं पर समान रूप से लागू की जा रही है।

बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की ओर से जारी नोटिस में विधायक सरिता आर्या और उनके छोटे बेटे से आवश्यक अभिलेख एवं जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया। इसी प्रकार कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत के आवास पर भी सत्यापन प्रक्रिया के तहत नोटिस दिया गया। शहर के कई अन्य प्रतिष्ठित नागरिकों को भी एसआईआर के नोटिस जारी किए गए हैं।

निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन, शुद्ध और त्रुटिरहित बनाना है। इसके लिए बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन कर आवश्यक दस्तावेज जुटा रहे हैं। प्रशासन के अनुसार अभियान में किसी भी व्यक्ति के पद या हैसियत के आधार पर कोई भेदभाव नहीं किया जा रहा है।

विधायक सरिता आर्या ने बताया कि वर्ष 2003 में नगर पालिका अध्यक्ष रहते समय उनके पते में केवल नैनीताल दर्ज था, जबकि अब उसमें भूमियाधार भी जुड़ गया है। पुराने पते के आधार पर नोटिस जारी होने से यह स्थिति बनी। उन्होंने बताया कि उन्होंने आवश्यक साक्ष्य जमा करा दिए हैं और पते से संबंधित त्रुटि का सुधार कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जिले के अन्य लोगों के साथ-साथ कुमाऊं आयुक्त को भी नोटिस मिला है। एसआईआर अभियान के तहत जिन मतदाताओं को नोटिस मिले हैं, वे समय पर अपने दस्तावेज जमा कराकर मतदाता सूची में दर्ज त्रुटियों का सुधार करा लें।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top