
पिथौरागढ़ जा रही थी वैगनआर 150 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, एक की मौत, तीन घायल
चंपावत। राष्ट्रीय राजमार्ग-09 पर बनलेख क्षेत्र में मंगलवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। खटीमा से पिथौरागढ़ जा रही वैगनआर कार अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर होने पर उसे हल्द्वानी रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार वैगनआर कार संख्या यूके05 टीए 5054 खटीमा से पिथौरागढ़ की ओर जा रही थी। बनलेख के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय कार में चार लोग सवार थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची।

टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद खाई में गिरी कार से सभी सवारों को बाहर निकाला। घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल चंपावत पहुंचाया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान एक घायल ने दम तोड़ दिया। वहीं एक अन्य घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए हल्द्वानी रेफर कर दिया। दो घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।

डीएम ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
हादसे की सूचना मिलने पर जिलाधिकारी मनीष कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने राहत और बचाव अभियान का जायजा लिया तथा मौके पर मौजूद अधिकारियों से दुर्घटना की जानकारी ली। डीएम ने घायलों को तत्काल बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल रहा।
