Ranikhetnews

कुमाऊँ टैक्सी महासंघ की दो टूक चेतावनी, तीन दिन में समाधान नहीं तो होगा चक्काजाम।

कुमाऊँ टैक्सी महासंघ की दो टूक चेतावनी, तीन दिन में समाधान नहीं तो होगा चक्काजाम।

अल्मोड़ा। कुमाऊं महासंघ टैक्सी यूनियन ने परिवहन कारोबारियों के उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए परिवहन अधिकारी अल्मोड़ा को ज्ञापन सौंपकर विभिन्न समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की है। यूनियन ने चेतावनी दी है कि तीन कार्य दिवस के भीतर मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो परिवहन कारोबारी आमरण अनशन और प्रदेशभर में अनिश्चितकालीन चक्काजाम करने को मजबूर होंगे। टैक्सी यूनियन पदाधिकारी अपनी मांगो को लेकर अल्मोड़ा के कोसी स्थित कार्यालय भी पहुंचे लेकिन वहां अधिकारीयों से उनकी मुलाकात नहीं हो सकी।

ज्ञापन में कहा गया है कि सरकार ने ऑटोमोटिव परीक्षण केंद्र स्थापित किए बिना ही एक जुलाई से परिवहन कार्यालयों में वाहनों की फिटनेस प्रक्रिया पूरी तरह बंद कर दी है। यूनियन ने मांग की कि प्रदेश के सभी परीक्षण केंद्र संचालित होने तक पूर्व की व्यवस्था बहाल करते हुए परिवहन कार्यालयों में ही वाहनों की फिटनेस जांच की जाए। आरोप लगाया कि रामनगर परिवहन कार्यालय को इस मामले में लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है।

यूनियन ने उत्तर प्रदेश की तर्ज पर कराधान नीति तत्काल लागू करने की मांग भी की है। इसके तहत 100 प्रतिशत अर्थदंड माफ करने और कर में 35 प्रतिशत की छूट देने की मांग उठाई गई है। इसके अलावा निकाय चुनाव, त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव और लंबित अधिग्रहित वाहनों का भुगतान तत्काल करने की मांग की गई।

ज्ञापन में एक अप्रैल 2019 से पहले पंजीकृत वाहनों में जीपीएस अनिवार्य किए जाने के आदेश को तत्काल स्थगित करने की मांग की गई। वहीं नए वाहनों में पैनिक बटन लगाने के आदेश को भी बिना नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था के अव्यावहारिक बताते हुए निरस्त करने की मांग की गई।

यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि परिवहन कारोबारियों की समस्याओं को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। यदि तीन कार्य दिवस के भीतर मांगों के संबंध में शासन और परिवहन विभाग की ओर से सकारात्मक आदेश जारी नहीं किए गए तो प्रदेशभर के परिवहन कारोबारी आंदोलन तेज करेंगे। इसकी जिम्मेदारी परिवहन विभाग और शासन की होगी।

VIDEO :

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top