Ranikhetnews

घर में सो रही वृद्धा पर तेंदुवे ने किया हमला, प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफेर।

घर में सो रही वृद्धा पर तेंदुवे ने किया हमला, प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफेर।

अल्मोड़ा/स्याल्दे। जिले में गुलदार का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। स्याल्दे के ग्राम पंचायत गुमटी के फूलाई गांव में गुलदार घर में घुस गया और सो रही 88 वर्षीय वृद्धा पर हमला कर घायल कर दिया। सिर और हाथों में चोट लगने के बाद वृद्धा को भिकियासैंण अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रामनगर रेफर कर दिया गया। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत है।

ग्राम प्रधान अमन बिष्ट ने बताया कि गांव निवासी परुली देवी पत्नी स्वर्गीय आन सिंह बुधवार तड़के करीब तीन बजे घर में सो रही थीं। इसी दौरान गुलदार घर के अंदर घुस आया और उन पर हमला कर दिया। गुलदार ने उनके सिर और हाथों पर पंजे मारे। वृद्धा के शोर मचाने पर उनकी बहू की नींद खुली और आसपास के लोगों को सूचना दी गई।

शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह गुलदार को खदेड़ दिया। घायल वृद्धा की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। जौरासी रेंज के रेंजर आशुतोष जोशी ने बताया कि घटना की सूचना के बाद प्रभावित क्षेत्र में वन विभाग की टीम ने गश्त शुरू कर दी है। गुलदार की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है और जल्द ही क्षेत्र में पिंजरा लगाया जाएगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top