
रानीखेत कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव की सरगर्मी तेज, 13 प्रत्याशियों ने कराया नामांकन।
रानीखेत। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रानीखेत में छात्रसंघ निर्वाचन 2026-27 को लेकर चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को छात्रसंघ के विभिन्न पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया संपन्न हुई। इस दौरान महाविद्यालय परिसर में दिनभर छात्र-छात्राओं के बीच उत्साह और चुनावी हलचल बनी रही। विभिन्न पदों के लिए कुल 13 नामांकन पत्र दाखिल किए गए।
अध्यक्ष पद के लिए जितेश नेगी और विनीत सिंह कुवार्बी ने नामांकन कराया है। उपाध्यक्ष छात्र पद के लिए कार्तिकेय सती तथा उपाध्यक्ष छात्रा पद के लिए अनीषा बिष्ट और रश्मि कांडपाल ने दावेदारी पेश की। सचिव पद पर हर्षिता फर्त्याल ने नामांकन किया है।
कोषाध्यक्ष पद के लिए बबली आर्या और रंजना नगरकोटी ने नामांकन कराया, जबकि संयुक्त सचिव पद के लिए अंजलि ने नामांकन किया है। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद के लिए भूमिका आर्या और ललिता चौधरी ने दावेदारी पेश की। सांस्कृतिक सचिव पद के लिए नम्रता पाण्डेय तथा संकाय प्रतिनिधि (वाणिज्य) पद के लिए नेहा ने नामांकन कराया है।
महाविद्यालय प्रशासन की ओर से चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक ढंग से संपन्न कराने के लिए तैयारियां की जा रही हैं। प्राचार्य प्रो. पुष्पेश पांडे ने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया के बाद 25 सितंबर को वैध प्रत्याशियों की सूची जारी की जाएगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार छात्रसंघ चुनाव 29 सितंबर को कराया जाएगा। चुनाव प्रक्रिया विश्वविद्यालय और महाविद्यालय के निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों के अनुसार संपन्न होगी।


