
अगले दो दिन पड़ेंगे भारी, 26 – 27 सितंबर को उत्तराखंड में भारी बारिश का रेड अलर्ट, 6 जिलों में स्कूल बंद।
देहरादून, संवाददाता। उत्तराखंड में सितंबर के अंतिम दिनों में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 25 से 28 सितंबर तक प्रदेश में बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली को लेकर चेतावनी जारी की है। 26 सितंबर को मौसम सबसे अधिक सक्रिय रहने की संभावना है। इस दिन प्रदेश में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं 27 सितंबर को भी कई स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने आमजन से विशेष सतर्कता बरतने और अत्यंत आवश्यक न होने पर यात्रा से बचने की अपील की है। पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश के चलते भूस्खलन और सड़क मार्ग बाधित होने की आशंका है, जबकि निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। तेज बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली का खतरा भी बना रहेगा।
कक्षा 1 से 12 तक के स्कूल बंद।
26 सितंबर के लिए जारी मौसम चेतावनी को देखते हुए अल्मोड़ा, नैनीताल, पिथौरागढ़, चम्पावत, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, उधम सिंह नगर जिलों में सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों में कक्षा एक से 12 तक की कक्षाएं स्थगित रखने का आदेश जारी किया गया है। जिले के आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे। प्रशासन ने यह निर्णय छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया है।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने लोगों से बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा नहीं करने को कहा है। भारी बारिश में दृश्यता कम होने और जलभराव के कारण यातायात प्रभावित हो सकता है। निचले और संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने तथा जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की तैयारी रखने को कहा गया है।
बारिश और तेज हवाओं के दौरान लोगों को बिजली के खंभों, तारों, बड़े पेड़ों और जर्जर भवनों से दूर रहने की सलाह दी गई है। किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीम से तत्काल संपर्क करने को कहा गया है।
मौसम विभाग के अनुसार 28 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है, जबकि 29 सितंबर से फिलहाल कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। मौसम विभाग ने लोगों से मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने और परिस्थितियों को देखते हुए ही यात्रा की योजना बनाने की अपील की है।

