
राज्यसभा सीट पर भाजपा में बढ़ी दावेदारी, रानीखेत से रवि मोहन अग्रवाल के नाम की मांग, विधायक जिलाध्यक्ष समेत कई भाजपाइयों ने भेजा पत्र।
रानीखेत/देहरादून, संवाददाता। उत्तराखंड में नवंबर में रिक्त होने जा रही राज्यसभा सीट को लेकर भाजपा में दावेदारी तेज हो गई है। पार्टी में करीब 24 नेताओं के नाम सामने आए हैं। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री और महिला नेताओं समेत कई वरिष्ठ कार्यकर्ता शामिल हैं। कोर कमेटी की बैठक में दावेदारों के नामों पर चर्चा हुई।
इसी बीच रानीखेत से भाजपा कार्यकर्ता रवि मोहन अग्रवाल को राज्यसभा भेजने की मांग भी जोर पकड़ने लगी है। क्षेत्रीय विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल, जिला अध्यक्ष समेत कई भाजपा नेताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को ज्ञापन भेजकर अग्रवाल को राज्यसभा सीट के लिए अवसर देने की मांग की है। रवि मोहन अग्रवाल पार्टी में अच्छी पकड़ रखते हैं और पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी के करीबी लोगों में गिने जाते हैं। ऐसा माना जा रहा है कि उनकी दावेदारी पर कोश्यारी का साथ उनके लिए तुरुप का इक्का साबित हो सकता है।
रानीखेत से भेजे गए ज्ञापन में नेताओं ने कहा कि रवि मोहन अग्रवाल भाजपा के समर्पित और वरिष्ठ कार्यकर्ता हैं। उन्होंने संगठन के साथ-साथ राज्य सरकार की ओर से सौंपे गए विभिन्न दायित्वों का भी निर्वहन किया है। ज्ञापन भेजने वालों में क्षेत्रीय विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल, जिला अध्यक्ष घनश्याम भट्ट, दीप भगत, छावनी परिषद सदस्य मोहन नेगी, मंडल अध्यक्ष ललित मेहरा, विनोद भार्गव, उमेश पंत, दर्शन मेहरा, भूपेंद्र कांडपाल समेत अन्य कार्यकर्ता शामिल हैं।
पार्टी सूत्रों के अनुसार कई नेताओं ने लिखित रूप से दावेदारी पेश की है, जबकि कुछ ने शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात कर अपनी इच्छा जताई है। दावेदारों की संख्या अधिक होने के कारण कोर कमेटी में कोई अंतिम निर्णय नहीं हो सका। अब मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और संगठन महामंत्री को विचार-विमर्श कर तीन से पांच नामों का पैनल तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व को भेजने की जिम्मेदारी दी गई है। गौरतलब है कि राज्यसभा सांसद नरेश बंसल का कार्यकाल 25 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। निर्वाचन आयोग ने इस सीट के लिए 16 अक्टूबर को मतदान तय किया है और नामांकन प्रक्रिया 29 सितंबर से शुरू होगी।

