
आधी रात को घर में घुसा तेंदुवा, महिला ने कमरे में बंद किया, सुबह वन विभाग ने किया रेस्क्यू।
गरमपानी। तल्ली सेठी गांव में रविवार देर रात एक गुलदार घर में घुस गया। अचानक सामने आए गुलदार को देखकर भी बुजुर्ग महिला जयंती देवी ने साहस दिखाया। उन्होंने शोर मचाकर ग्रामीणों को सतर्क किया और गुलदार को एक कमरे में बंद कर बाहर से कुंडी लगा दी। सोमवार सुबह वन विभाग की टीम ने गुलदार को ट्रेंकुलाइज कर सुरक्षित रेस्क्यू सेंटर पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब दो बजे जयंती देवी अपने घर में थीं। इसी दौरान गुलदार अचानक घर के भीतर घुस आया। आमने-सामने गुलदार को देखकर महिला ने घबराने के बजाय शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इस बीच महिला ने सूझबूझ दिखाते हुए गुलदार को एक कमरे में बंद कर दिया। घर के भीतर गुलदार के कैद होने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। इसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर सोमवार सुबह वन विभाग की टीम गांव पहुंची। टीम ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए गुलदार को ट्रेंकुलाइज किया और सुरक्षित रेस्क्यू सेंटर पहुंचा दिया। वन क्षेत्राधिकारी मनोज भगत ने बताया कि विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर गुलदार का सुरक्षित रेस्क्यू किया।
VIDEO :

