
भिकियासैण उप चुनाव : पाली-थौली क्षेत्र पंचायत सीट पर भाजपा समर्थित चंद्र सिंह खत्री 60 मतों से जीते। छह प्रत्याशी थे मैदान में। भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ निकाला विजय जुलूस।
भिकियासैंण। विकासखंड भिकियासैंण की पाली-थौली क्षेत्र पंचायत सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशी चंद्र सिंह खत्री ने जीत दर्ज की है। बुधवार को हुई मतगणना में उन्होंने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी गंगा देवी को 60 मतों से पराजित किया। जीत की घोषणा के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने ब्लॉक गेट से बाजार तक ढोल-नगाड़ों के साथ जुलूस निकाला और आतिशबाजी कर खुशी जताई।

पाली-थौली क्षेत्र पंचायत सीट पूर्व ब्लॉक प्रमुख और रानीखेत विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल के अनुज बीडीसी सदस्य सतीश नैनवाल के निधन के बाद रिक्त हुई थी। इस सीट पर 12 अक्टूबर को उपचुनाव कराया गया था। चुनाव में कुल छह प्रत्याशियों ने अपनी किस्मत आजमाई। क्षेत्र पंचायत सीट पर कुल 1,736 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 551 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह उपचुनाव में करीब 32 प्रतिशत मतदान हुआ।

चंद्र सिंह को मिले 211 मत
बुधवार को मतगणना के बाद घोषित परिणामों में चंद्र सिंह खत्री को सर्वाधिक 211 मत मिले। उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी गंगा देवी को 151 मत प्राप्त हुए। दोनों के बीच जीत का अंतर 60 मत रहा। वहीं, ललित मोहन को 90, जयप्रकाश को 41, नंदन सिंह रावत को 31 और लक्ष्मण सिंह को 24 मत मिले। परिणाम घोषित होने के बाद चंद्र सिंह खत्री के समर्थकों में उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने बाजार में जुलूस निकालकर जीत का जश्न मनाया।

