Ranikhetnews

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने पति से बताया जान का खतरा, बच्चों की सुरक्षा मांगी। पति पर मारपीट, धमकी और जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल का आरोप, वीडियो भी जारी किया।

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने पति से बताया जान का खतरा, बच्चों की सुरक्षा मांगी। पति पर मारपीट, धमकी और जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल का आरोप, वीडियो भी जारी किया।

देहरादून। उत्तराखंड सरकार की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने अपने पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी से खुद और अपने नाबालिग बच्चों की जान को खतरा बताया है। उन्होंने 15 अक्तूबर को पुलिस को तहरीर देकर पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। तहरीर में उन्होंने मारपीट, जान से मारने की धमकी देने, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने और कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार कराने सहित कई गंभीर आरोप लगाए हैं। साथ ही, उन्होंने एक ऑडियो मिलने का दावा किया है, जिसमें उनके अनुसार पति एक महिला से बातचीत के दौरान उन्हें नुकसान पहुंचाने की साजिश रच रहा है।

शादी के समय पहली शादी छिपाने का आरोप

रेखा आर्य ने तहरीर में बताया कि उनका विवाह गिरधारी लाल साहू के साथ छह जुलाई 2004 को हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। आरोप है कि विवाह के समय पति ने खुद को अविवाहित बताया था, लेकिन शादी के कुछ वर्ष बाद उन्हें उसके पहले से विवाहित होने और पूर्व विवाह से बच्चे होने की जानकारी मिली। तहरीर के अनुसार, उस समय तक उनके बच्चे हो चुके थे। बच्चों के भविष्य और परिवार के समझाने के कारण उन्होंने इस मामले में चुप रहना उचित समझा।

विरोध करने पर मारपीट और धमकी देने का आरोप

मंत्री ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ समय से उनके पति का व्यवहार बदल गया था। उन्हें पति के अन्य महिलाओं से संबंध होने की जानकारी मिली। इस पर आपत्ति जताने के बाद पति ने कथित तौर पर लिखित और मौखिक रूप से माफी मांगी, लेकिन इसके बावजूद उसका व्यवहार नहीं बदला। तहरीर में आरोप है कि विरोध करने पर उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई तथा जान से मारने की धमकियां दी गईं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकारी आवास पर कर्मचारियों के सामने उनके लिए जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया गया।

हस्ताक्षर कूटरचित कर कंपनी के निदेशक पद से हटाने का आरोप

रेखा आर्य ने तहरीर में यह भी दावा किया है कि उनके कथित तौर पर कूटरचित हस्ताक्षर और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर संबंधित कंपनियों में उन्हें निदेशक पद से हटाया हुआ दर्शाया गया। उनका कहना है कि उन्होंने न तो इस संबंध में कोई दस्तावेज निष्पादित किया और न ही त्यागपत्र दिया।

ऑडियो मिलने के बाद सुरक्षा की चिंता

तहरीर के मुताबिक, हाल ही में रेखा आर्य को एक ऑडियो मिला है, जिसमें उनके दावे के अनुसार उनके पति एक महिला से बातचीत के दौरान उन्हें जान से मारने की साजिश रच रहा है। उन्होंने अपनी और अपने नाबालिग बच्चों की सुरक्षा को लेकर आशंका जताते हुए पुलिस से तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है। रेखा आर्य ने तहरीर में अपना परिचय उत्तराखंड में अधिसूचित अनुसूचित जाति की सदस्य के रूप में भी दिया है। उन्होंने आरोपों के आधार पर पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।

VIDEO:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top