
भतरौंजखान पुलिस ने ढाई लाख रुपये कीमत का 10 किलो गांजा पकड़ा, दो तस्कर गिरफ्तार, बाइक सीज।
रानीखेत। भतरौंजखान पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाते हुए दो युवकों को 10.005 किलोग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 2,50,125 रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया है।

पुलिस के अनुसार, 14 नवंबर की रात पुलिस टीम ने मोहान पुलिस सहायता केंद्र बैरियर से मरचूला रोड पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान मोटरसाइकिल संख्या UK 18 V 0964 पर सवार दो युवकों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में उनके पास मौजूद दो अलग-अलग बैगों से क्रमशः 4.600 और 5.405 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनोद (32) पुत्र राधेश्याम निवासी कुण्डेश्वरी रोड, चैती चौराहा, ऊधमसिंह नगर और अजय (31) पुत्र वीरेन्द्र सिंह निवासी आदर्श नगर, कुण्डेश्वरी रोड, आईटीआई, ऊधमसिंह नगर के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ थाना भतरौंजखान में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गांजे की खरीद-फरोख्त के स्रोतों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक करतार सिंह, हेड कांस्टेबल आनंद त्रिपाठी, श्रवण सैनी और देवेंद्र प्रताप शामिल रहे।

