
पुलिस ने चेकिंग के लिए रुकवाया तो बाइक सवार ने होमगॉर्ड को टक्कर मार किया गंभीर घायल। होमगार्ड हल्द्वानी रेफर बाइक सवार गिरफ्तार।
अल्मोड़ा जिले के भतरौजखान में पुलिस चेकिंग के दौरान बाइक सवार युवको ने रैश ड्राईविंग करते एक होमगॉर्ड को टक्कर मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और फरार हो गए हालाँकि पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्यवाही करते हुए गंभीर धाराओं में मुकदमा किया दर्ज किया है।

शनिवार 21 मार्च को थानाध्यक्ष भतरौजखान अवनीश कुमार द्वारा पुलिस टीम के साथ भतरौजखान से आगे छोटी घट्टी तिराहा पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। चेकिंग के दौरान दिल्ली नंबर की एक बुलेट मोटरसाइकिल को पुलिस द्वारा रुकने का संकेत दिया गया। लेकिन बाइक पर सवार दोनों युवक पुलिस को चकमा देते हुए रैश ड्राईविंग कर तेज रफ्तार में भतरौजखान की ओर भाग निकले।
बाइक सवारों की हरकत से पुलिस को उनके संदिग्ध प्रतीत होने पर भतरौजखान क्षेत्र में पहले से मौजूद पुलिस कर्मियों को सतर्क रहने और बाइक को रुकवाने के लिए कहा गया। जब भतरौजखान में तैनात पुलिस जवानों द्वारा बाइक को रोकने का प्रयास किया गया तो बाइक सवार ने होमगार्ड जवान श्याम सुंदर को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

मौजूद पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए विधि विरूद्ध बालक (चालक) को संरक्षण में लिया गया व प्रदीप सिंह उम्र- 19 वर्ष को भी मौके पर ही पकड़ लिया गया। घायल होमगार्ड जवान को तत्काल उपचार हेतु सीएचसी सेंटर भेजा गया, जहां से जवान को हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर किया गया। मौके पर बाइक सवार के परिजनों को बुलाया गया। उक्त मामले में वाहन स्वामी के विरूद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
