
अल्मोड़ा में नंदा देवी महोत्सव में झूला टूटने से दो लोग घायल।
अल्मोड़ा के ऐतिहासिक नंदा देवी महोत्सव में बुधवार की शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मेले में लगा ऊंचा झूला अचानक टूट गया। हादसे में झूले पर सवार दो लोग नीचे गिरकर घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मेले में बड़ी संख्या में लोग खरीदारी और मनोरंजन के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान झूले का एक हिस्सा अचानक क्षतिग्रस्त हो गया। इससे झूले पर सवार दो लोग अनियंत्रित होकर नीचे गिर पड़े। हादसे के बाद वहां मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में दोनों घायलों का उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार, एक महिला को सामान्य चोटें आई हैं, जबकि दूसरे व्यक्ति के पैर में फ्रैक्चर बताया जा रहा है।
हादसे के बाद मेले में झूलों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने झूलों की फिटनेस और सुरक्षा मानकों की जांच पर सवाल उठाए हैं। फिलहाल संबंधित झूले का संचालन बंद करा दिया गया है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


