Ranikhetnews

पीजी कॉलेज रानीखेत में अध्यक्ष समेत चार पदों पर होगा सीधा मुकाबला, 29 सितंबर को होगा मतदान

पीजी कॉलेज रानीखेत में अध्यक्ष समेत चार पदों पर होगा सीधा मुकाबला, 29 सितंबर को होगा मतदान

रानीखेत। पीजी कॉलेज रानीखेत में छात्रसंघ चुनाव को लेकर नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी हो गई है। नाम वापसी के बाद अब 12 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। अध्यक्ष समेत चार पदों पर सीधा मुकाबला होगा, जबकि चार पदों पर एक-एक प्रत्याशी होने से उनका निर्विरोध निर्वाचन तय है। मतदान 29 सितंबर को होगा।

अध्यक्ष पद पर जितेश नेगी और विनीत सिंह कुवार्बी आमने-सामने हैं। छात्रा उपाध्यक्ष पद पर अनीषा बिष्ट और रश्मि कांडपाल, कोषाध्यक्ष पद पर बबली आर्य और रंजना नगरकोटी तथा विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर भूमिका आर्या और ललिता चौधरी के बीच मुकाबला होगा। संयुक्त सचिव पद पर अंजलि अकेली प्रत्याशी हैं।

इनका निर्विरोध निर्वाचन तय : – उपाध्यक्ष पद पर कार्तिकेय सती, सचिव पद पर हर्षिता फर्त्याल, उपसचिव पद पर अंजली तथा वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि पद पर नेहा का निर्विरोध चुना जाना तय है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बृजेश कुमार जोशी ने बताया कि सांस्कृतिक सचिव पद की एकमात्र प्रत्याशी नम्रता पांडेय ने नामांकन वापस ले लिया। वहीं कला और विज्ञान संकाय प्रतिनिधि पद के लिए किसी प्रत्याशी ने नामांकन नहीं कराया। ऐसे में सांस्कृतिक सचिव, कला संकाय प्रतिनिधि और विज्ञान संकाय प्रतिनिधि के तीनों पद रिक्त रहेंगे।

महाविद्यालय प्रशासन और निर्वाचन समिति ने छात्र-छात्राओं से चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करने तथा निर्वाचन आचार संहिता का पालन करने की अपील की है। साथ ही चुनाव से संबंधित जानकारी के लिए महाविद्यालय की आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने को कहा है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top