
नैनीताल घूमने निकले नवदंपति का सफर बना आखिरी, डंपर से टकराई स्कॉर्पियो
रामनगर। शादी के महज चार महीने बाद नैनीताल घूमने निकले गाजियाबाद के नवदंपति का सफर दर्दनाक हादसे में बदल गया। पीरूमदारा क्षेत्र में देर रात स्कॉर्पियो और 22 टायरा डंपर की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में स्कॉर्पियो सवार 24 वर्षीय यतीश यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी शीतल गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल शीतल को प्राथमिक उपचार के बाद दिल्ली-एनसीआर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार गाजियाबाद निवासी यतीश यादव अपनी पत्नी शीतल के साथ नई स्कॉर्पियो से काशीपुर होते हुए नैनीताल जा रहे थे। शुक्रवार देर रात करीब 1:20 बजे पीरूमदारा से आगे चौधरी ढाबे के पास उनकी कार सामने से आ रहे 22 टायरा डंपर (एचआर38एसी 4554) से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक यतीश की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शीतल को अस्पताल पहुंचाया।
मृतक की पहचान यतीश यादव पुत्र सुरेश चंद्र यादव, निवासी ग्राम शाहपुर बमेठा, थाना वेव सिटी, गाजियाबाद के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार यतीश राष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल खिलाड़ी थे और वर्ष 2021 में एक प्रतियोगिता में विजेता रहे थे। वह एक निजी स्कूल में बच्चों को पढ़ाते थे। उनकी पत्नी शीतल पेशे से डॉक्टर बताई जा रही हैं। दोनों का विवाह 20 अप्रैल 2026 को हुआ था।
हादसे की सूचना मिलते ही यतीश के परिजन रामनगर संयुक्त चिकित्सालय पहुंचे। यहां शव का पोस्टमार्टम कराया गया। यतीश के पिता सुरेश यादव ने आरोप लगाया कि तेज रफ्तार डंपर चालक ओवरटेक करते हुए गलत दिशा में आ गया और इसी दौरान उनके बेटे की कार से टक्कर हो गई। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

