Ranikhetnews

पुराने उपकरणों को NICU के कक्ष में लगवाकर विधायक ने किया जनता को गुमराह, NICU के लोकार्पण पर करन माहरा ने उठाये सवाल।

पुराने उपकरणों को NICU के कक्ष में लगवाकर विधायक ने किया जनता को गुमराह, NICU के लोकार्पण पर करन माहरा ने उठाये सवाल।

रानीखेत — पूर्व विधायक करन माहरा ने राजकीय चिकित्सालय रानीखेत में 13 मई को उद्घाटन किए गए नवजात गहन देखभाल कक्ष (NICU) पर सरकार और स्थानीय विधायक पर तीखा हमला बोला है। अस्पताल पहुंचे माहरा ने कहा कि जिस NICU का शुभारंभ दिखावा करके किया गया, वहाँ इस्तेमाल की गई मशीनें कई साल पहले ही अस्पताल में थीं, लेकिन उपयुक्त कक्ष न होने के कारण लंबे समय तक बंद पड़ी रहीं। अब उन्हीं मशीनों को पहले से बने किसी कक्ष में स्थापित कर जल्दबाजी में उद्घाटन करके जनता के सामने उपलब्धि बताने का प्रयास किया जा रहा है, उनका आरोप रहा।

माहरा ने कहा कि सरकार और वर्तमान विधायक के स्वास्थ्य सेवाओं के दावे पूरी तरह खोखले साबित हुए हैं। उनके कार्यकाल में अस्पताल को हाईटेक एम्बुलेंस उपलब्ध कराई गई थी, पर साढ़े चार वर्षों के बाद भी उसमें आवश्यक तकनीशियन की नियुक्ति नहीं हो पाई, जिससे आम मरीजों को इसका पूरा लाभ नहीं मिल रहा। उन्होंने यह भी कहा कि उनके कार्यकाल में भिकियासैंण में 50 लाख रुपये की लागत का ऑक्सीजन प्लांट स्थापित किया गया था, मगर 4.5 वर्ष बाद भी वह निष्क्रिय हालत में पड़ा हुआ है।

पूर्व विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश में चार ट्रॉमा सेंटर बनाने की घोषणाएं की गई थीं, पर रानीखेत अस्पताल आज तक ट्रॉमा सेंटर के रूप में विकसित नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार और स्थानीय विधायक केवल फीता काटने और घोषणाओं तक सीमित हैं, जबकि जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाएं बदहाल बनी हुई हैं।

माहरा ने बताया कि पर्यटक नगरी रानीखेत और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की बड़ी आबादी इसी अस्पताल पर निर्भर है, लेकिन संसाधनों और व्यवस्थाओं की कमी के कारण मरीजों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस ने सरकार से अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने और की गई घोषणाओं को धरातल पर लागू करने की मांग की है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top