Ranikhetnews

पुलिस लाइन में एसएसपी ने लहराया तिरंगा, छह पुलिसकर्मी डीजीपी डिस्क से सम्मानित।

पुलिस लाइन में एसएसपी ने लहराया तिरंगा, छह पुलिसकर्मी डीजीपी डिस्क से सम्मानित।

अल्मोड़ा। 80वें स्वतंत्रता दिवस पर शुक्रवार को पुलिस लाइन अल्मोड़ा में देशभक्ति और उल्लास का माहौल रहा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके ने सुबह नौ बजे ध्वजारोहण किया। इसके बाद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी और सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया।

एसएसपी ने पुलिस परिवार को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश की आजादी के लिए प्राण न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने पुलिसकर्मियों से देश की एकता, अखंडता, धर्मनिरपेक्षता और आपसी सौहार्द बनाए रखने के साथ कर्तव्यों का पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।

समारोह में प्रदेश और जिले में सराहनीय एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के नाम पढ़कर सुनाए गए। सम्मानित पुलिसकर्मियों को बधाई दी गई। एसएसपी ने एनसीसी कैडेट्स, पुलिस जवानों और सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों को मिठाई बांटकर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

छह पुलिसकर्मियों को डीजीपी डिस्क

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड दीपम सेठ की ओर से अल्मोड़ा जिले के छह पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को डीजीपी प्रशस्ति डिस्क से सम्मानित किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह को विशिष्ट कार्य के लिए डीजीपी डिस्क गोल्ड प्रदान किया गया।

वहीं निरीक्षक नागरिक पुलिस हयात सिंह को सेवा के आधार पर डीजीपी डिस्क सिल्वर मिला। विशिष्ट कार्य के लिए मुख्य आरक्षी सशस्त्र पुलिस भवान सिंह और आरक्षी सशस्त्र पुलिस सौरभ ग्वासाकोटी को डीजीपी डिस्क सिल्वर से सम्मानित किया गया।

इसके अलावा सेवा के आधार पर मुख्य आरक्षी नागरिक पुलिस पुष्पा बजेठा और आरक्षी मनोज कुमार को भी डीजीपी डिस्क सिल्वर प्रदान किया गया। सम्मान मिलने पर पुलिस अधिकारियों ने इसे कर्तव्य के प्रति और अधिक जिम्मेदारी से कार्य करने की प्रेरणा बताया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top