Ranikhetnews

एसएसपी ने नशा तस्करों और साइबर ठगों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए, रानीखेत के विनोद फर्त्याल और कमल गोस्वामी बने ‘Employee of the Month’

एसएसपी ने नशा तस्करों और साइबर ठगों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए, रानीखेत के विनोद फर्त्याल और कमल गोस्वामी बने ‘Employee of the Month’

अल्मोड़ा। एसएसपी चंद्रशेखर घोड़के की अध्यक्षता में शुक्रवार को पुलिस लाइन सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी और सैनिक सम्मेलन आयोजित हुआ। एसएसपी ने अपराध नियंत्रण, नशा तस्करी, साइबर अपराध और आपदा प्रबंधन को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराधी बचने नहीं चाहिए और पीड़ितों को न्याय के लिए भटकना नहीं पड़े।

मानसून को देखते हुए थाना प्रभारियों और फायर स्टेशनों को आपदा उपकरण व बचाव संसाधन हमेशा तैयार रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही मादक पदार्थों, शराब तस्करी और जुआ के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई, आदतन अपराधियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट सहित सख्त कानूनी कार्रवाई पर जोर दिया गया। लंबित विवेचनाओं, शिकायतों और वारंटों के समयबद्ध निस्तारण की भी समीक्षा की गई।

एसएसपी ने गुमशुदगी के मामलों में तत्काल कार्रवाई, साइबर सेल के समन्वय से ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई और म्यूल बैंक खातों व संदिग्ध मोबाइल नंबरों के सत्यापन के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। ड्यूटी में लापरवाही और अनावश्यक अनुपस्थिति पर कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

रानीखेत के दो पुलिसकर्मी बने ‘Employee of the Month’

उत्कृष्ट कार्य के लिए कोतवाली रानीखेत के मजखाली चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विनोद फर्त्याल और कांस्टेबल कमल गोस्वामी को ‘Employee of the Month’ चुना गया। फर्त्याल ने वर्षों से क्षेत्र में रह रहे एक व्यक्ति की पहचान कर उसे परिजनों तक पहुंचाया, जबकि कमल गोस्वामी ने बाजार से गुम हुआ 1.67 लाख रुपये से भरा बैग बरामद कर स्वामी को सौंपा।

एसएसपी ने उत्कृष्ट पुलिसिंग, गुडवर्क और मानवीय कार्यों के लिए 21 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। दो सफाई कर्मियों को भी नकद पुरस्कार दिया गया। रुद्रपुर में हुई प्रादेशिक अंतरजनपदीय पुलिस कुश्ती एवं बॉक्सिंग प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले पुलिस खिलाड़ियों का भी उत्साहवर्धन किया गया।

इस दौरान फेम इंडिया-एशिया पोस्ट की देश के 100 सर्वश्रेष्ठ पुलिस कप्तानों की सूची में एसएसपी चंद्रशेखर घोड़के के चयन पर अल्मोड़ा पुलिस परिवार ने उन्हें बधाई दी। गोष्ठी में अधिकारियों को जनता के साथ शालीन, संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार रखने की हिदायत दी गई।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top