Ranikhetnews

रानीखेत अस्पताल की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था पर युवा कांग्रेस मुखर, 7 प्रमुख मांगो को लेकर अस्पताल और जिला प्रशासन से मिले पदाधिकारी।

रानीखेत अस्पताल की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था पर युवा कांग्रेस मुखर, 7 प्रमुख मांगो को लेकर अस्पताल और जिला प्रशासन से मिले पदाधिकारी।

रानीखेत। गोविंद सिंह माहरा नागरिक चिकित्सालय रानीखेत की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर युवा कांग्रेस ने प्रशासन के समक्ष सात प्रमुख मांगें उठाई हैं। युवा विधानसभा अध्यक्ष अंकिता पंत के नेतृत्व में संयुक्त मजिस्ट्रेट को पत्र सौंपकर अस्पताल में हाईटेक एंबुलेंस के लिए टेक्निशियन की नियुक्ति, विशेषज्ञ चिकित्सकों को आपदा एवं सरकारी कैंपों में ड्यूटी से मुक्त रखने और मरीजों की सुविधा के लिए पर्ची काउंटर बढ़ाने की मांग की गई। युवा कांग्रेस का कहना है कि चिकित्सालय पर रानीखेत समेत आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की बड़ी आबादी निर्भर है, ऐसे में सीमित चिकित्सकीय स्टाफ को अन्य ड्यूटियों में भेजे जाने से नियमित स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।

युवा कांग्रेस ने गर्भवती महिलाओं के लिए अलग अल्ट्रासाउंड पर्ची काउंटर बनाने, लंबे समय से बंद पड़ी डायलिसिस मशीन को सुचारू करने के साथ नेफ्रोलॉजिस्ट की स्थायी नियुक्ति, पुरानी 108 एंबुलेंस के स्थान पर नई एंबुलेंस उपलब्ध कराने तथा रिक्त पद पर रेडियोलॉजिस्ट की जल्द नियुक्ति की मांग की है। संगठन ने कहा कि पूर्व विधायक करन माहरा द्वारा उपलब्ध कराई गई हाईटेक एंबुलेंस में करीब चार वर्षों से टेक्निशियन की नियुक्ति नहीं होने के कारण क्षेत्रवासियों को इसका पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है। वहीं, रेडियोलॉजिस्ट की कमी के चलते गर्भवती महिलाओं को अल्ट्रासाउंड के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है।

युवा कांग्रेस ने प्रशासन से सभी मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी कि अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुईं अथवा जनहित से जुड़ी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आम जनता के साथ आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष अंकित रावत व संजय बिष्ट, ब्लॉक अध्यक्ष अजय रावत, विधानसभा कॉर्डिनेटर कुलदीप कुमार, मीडिया प्रभारी सोनू सिद्दीकी, रुद्र माहरा, मनोज कोरंगा, दीपक सोंटियाल, ललित नेगी, अभिनव माहरा और भावेश पंत आदि मौजूद रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top