
रानीखेत पीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में विनीत कुवार्बी अध्यक्ष निर्वाचित, 92 मतों से जीते
रानीखेत। स्व. श्री जयदत्त वैला राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रानीखेत में छात्रसंघ चुनाव 2026-27 के लिए मंगलवार को मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। अपराह्न चार बजे मतगणना के बाद प्राचार्य प्रो. पुष्पेश पांडे ने चुनाव परिणामों की घोषणा की। अध्यक्ष पद पर विनीत सिंह कुवार्बी ने 527 मत हासिल कर जीत दर्ज की। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी जितेश नेगी को 92 मतों के अंतर से हराया। जितेश नेगी को 435 मत मिले।

उपाध्यक्ष (छात्रा) पद पर अनीषा बिष्ट 563 मत पाकर विजयी रहीं। उन्होंने रश्मि कांडपाल को 200 मतों के अंतर से पराजित किया। रश्मि को 363 मत मिले। कोषाध्यक्ष पद पर बबली आर्या ने 571 मत हासिल कर जीत दर्ज की। उन्होंने संजना नगरकोटी को 240 मतों से हराया। संजना को 331 मत प्राप्त हुए।
विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर भूमिका आर्या ने 516 मत पाकर जीत हासिल की। उन्होंने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी ललिता चौधरी को 118 मतों से पराजित किया। ललिता चौधरी को 398 मत मिले।
ये पदाधिकारी निर्विरोध चुने गए
उपाध्यक्ष छात्र पद पर कार्तिकेय सती, सचिव पद पर हर्षिता फर्त्याल, संयुक्त सचिव पद पर अंजली तथा संकाय प्रतिनिधि वाणिज्य पद पर नेहा निर्विरोध निर्वाचित हुईं। वहीं सांस्कृतिक प्रतिनिधि तथा कला एवं विज्ञान संकाय प्रतिनिधि के पदों पर कोई नामांकन नहीं होने के कारण ये पद रिक्त रहे।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को दिलाई शपथ
परिणाम घोषित होने के तत्काल बाद प्राचार्य प्रो. पुष्पेश पांडे ने एक सादे समारोह में नवनिर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। छात्रसंघ प्रभारी डॉ. बीके जोशी ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न कराने में सहयोग के लिए स्थानीय प्रशासन, पुलिस विभाग, छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों का आभार जताया।
चुनाव को सफल बनाने में छात्रसंघ निर्वाचन समिति, अनुशासन मंडल समिति के साथ महाविद्यालय के प्राध्यापकों और कर्मचारियों ने सहयोग किया। निर्वाचन के दौरान पर्यवेक्षक इं. एसपीएस नेगी और रानीखेत थानाध्यक्ष भी महाविद्यालय परिसर में मौजूद रहे।


