Ranikhetnews

गर्दन के दर्द का इलाज कराने गई 24 वर्षीय महिला की मौत, परिजनों ने मालिश करने वाले पर गर्दन जोर से हिलाने के लगाए आरोप

गर्दन के दर्द का इलाज कराने गई 24 वर्षीय महिला की मौत, परिजनों ने मालिश करने वाले पर गर्दन जोर से हिलाने के लगाए आरोप

हल्द्वानी। गर्दन के दर्द का इलाज कराने गई 24 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने कालाढूंगी रोड स्थित एक व्यक्ति पर मालिश करने के बाद महिला की गर्दन जोर से हिलाने का आरोप लगाया है। महिला की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित स्थान का निरीक्षण किया। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है। मौत की वास्तविक वजह चिकित्सकीय जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

जानकारी के अनुसार पिथौरागढ़ निवासी रामचंद्र दमुवादूंगा क्षेत्र में परिवार के साथ रहते हैं और निजी नौकरी करते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी मीनाक्षी की गर्दन में पिछले कुछ समय से दर्द था। करीब चार-पांच माह से उनका सुशीला तिवारी अस्पताल में उपचार चल रहा था। शनिवार को परिचितों के कहने पर रामचंद्र अपनी पत्नी को कालाढूंगी रोड स्थित एक व्यक्ति के पास ले गए थे।

परिजनों का आरोप है कि वहां मालिश करने के बाद उक्त व्यक्ति ने मीनाक्षी की गर्दन को जोर से हिला दिया। इसके बाद उनकी हालत बिगड़ गई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। परिजन महिला को बेस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की चिकित्सकीय जानकारी के अनुसार महिला को ब्रॉट डेड (मृत अवस्था में लाया गया) बताया गया। महिला अपने पीछे दो छोटे बच्चे छोड़ गई है।

स्वास्थ्य विभाग ने दुकान का किया निरीक्षण

मामले की जानकारी मिलने के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी नैनीताल डॉ. रश्मि पंत और अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी हल्द्वानी डॉ. रजत भट्ट ने प्रकरण का संज्ञान लिया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कालाढूंगी रोड पर गुरुद्वारे के समीप स्थित नईम पहलवान की दुकान का निरीक्षण किया। टीम के पहुंचने पर दुकान बंद मिली।

इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बेस अस्पताल पहुंचकर मृतका मीनाक्षी के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटाई। चिकित्सकों से महिला को अस्पताल लाए जाने की परिस्थितियों और उपलब्ध चिकित्सकीय जानकारी के संबंध में जानकारी ली गई।

अवैध क्लीनिकों पर कार्रवाई के निर्देश

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तथ्यात्मक जानकारी जुटाने और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिले में अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों और बिना वैध चिकित्सकीय योग्यता के उपचार करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई में तेजी लाने को कहा है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार ऐसे मामलों में नियमानुसार जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। वहीं महिला की मौत की वास्तविक वजह पुलिस जांच और चिकित्सकीय परीक्षण के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top