Ranikhetnews

चोरी की दो घटनाओं का पुलिस ने किया खुलासा ज्वैलरी शॉप से चांदी और गोदाम से तेल-फ्रिज चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार।

चोरी की दो घटनाओं का पुलिस ने किया खुलासा ज्वैलरी शॉप से चांदी और गोदाम से तेल-फ्रिज चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार।

अल्मोड़ा। नगर में चोरी की दो अलग-अलग घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर ज्वैलरी शॉप से चोरी की गई चांदी और आभूषणों के साथ ही गोदाम से चोरी किए गए सरसों के तेल के सात टिन और फ्रिज समेत चोरी की शत-प्रतिशत सामग्री बरामद करने का दावा किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपी नेपाल के कालीकोट जिले के रहने वाले हैं।

पुलिस के अनुसार जौहरी बाजार निवासी हनुमंत सावंत ने एक अक्तूबर को कोतवाली अल्मोड़ा में तहरीर देकर बताया था कि 30 सितंबर की रात उनकी ज्वैलरी की दुकान **रुद्रा इंटरप्राइजेज** से अज्ञात चोर पुरानी चैनपट्टी, शुद्ध चांदी तथा तांबे और जस्ते के टुकड़े चोरी कर ले गए। मामले में कोतवाली पुलिस ने एफआईआर संख्या 106/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।

वहीं दूसरे मामले में ट्रांसपोर्ट नगर निवासी हरीश चंद्र जोशी ने दो अक्तूबर को तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि 27 और 28 सितंबर की मध्यरात्रि उनके ट्रांसपोर्ट नगर कॉम्प्लेक्स स्थित गोदाम से सरसों के तेल के सात टिन और गोदरेज कंपनी का एक फ्रिज चोरी कर लिया गया। इस मामले में एफआईआर संख्या 107/2026 दर्ज की गई।

सर्विलांस से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

दोनों मामलों के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस के अनुसार टीम ने सुरागरसी-पतारसी और सर्विलांस की मदद से संदिग्धों की लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद दो अक्तूबर को दोनों घटनाओं में संलिप्त दो आरोपियों को अल्मोड़ा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर दोनों मामलों में चोरी की गई पूरी सामग्री बरामद कर ली। बरामदगी के बाद संबंधित मुकदमों में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) की बढ़ोतरी कर आगे की कार्रवाई की गई।

482 ग्राम शुद्ध चांदी समेत आभूषण बरामद

पुलिस के मुताबिक ज्वैलरी शॉप से चोरी के मामले में 482 ग्राम शुद्ध चांदी, 497 ग्राम चांदी से बने आभूषण बरामद किए गए। इनमें एक माला, लक्ष्मी की एक मूर्ति, 20 पायल, तीन धागुले, एक छल्ला, एक छत्र, छह बिछुए और सफेद धातु का एक टूटा पेंडल शामिल है। इसके अलावा चांदी की सिल्ली पर लगने वाली एक मुहर, पारदर्शी पन्नी में तांबा, 148 ग्राम कैडमियम और जस्ते के टुकड़े भी बरामद किए गए।  दूसरे मामले में पुलिस ने सरसों के तेल के सात टिन और गोदरेज कंपनी का एक फ्रिज बरामद किया है।

नेपाल के रहने वाले हैं दोनों आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनोद सार्की (21) पुत्र डिल्ली सार्की, निवासी ग्राम लालू, थाना खुलालू, जिला कालीकोट, नेपाल और नेत्र सार्की (20) पुत्र जीता सार्की, निवासी ग्राम लालू, थाना खलालू, जिला कालीकोट, नेपाल के रूप में हुई है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में बेस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अनिल जोशी, अपर उपनिरीक्षक कैलाश जोशी, कांस्टेबल खुशाल राम, कांस्टेबल विजय कार्की और एसओजी अल्मोड़ा के कांस्टेबल राकेश खेतवाल शामिल रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top