Ranikhetnews

कैंची धाम के जाम को लेकर करन माहरा ने सरकार को घेरा, ‘सरकार नहीं जागी तो भिक्षा मांगकर जुटाएंगे पैसा, खुद बनाएंगे बाईपास’, होटल एसोसिएशन और जनता के साथ आंदोलन की चेतावनी

कैंची धाम के जाम को लेकर करन माहरा ने सरकार को घेरा, ‘सरकार नहीं जागी तो भिक्षा मांगकर जुटाएंगे पैसा, खुद बनाएंगे बाईपास’, होटल एसोसिएशन और जनता के साथ आंदोलन की चेतावनी

रानीखेत। कैंची धाम में लगातार लग रहे भीषण जाम को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। रविवार को रानीखेत कांग्रेस कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस के सीडब्ल्यूसी सदस्य एवं पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि कैंची धाम का जाम अब केवल कैंची क्षेत्र की समस्या नहीं रह गया है। इसका असर रानीखेत, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और बागेश्वर समेत पूरे पर्वतीय क्षेत्र की यातायात व्यवस्था पर पड़ रहा है। घंटों जाम में मरीज, एंबुलेंस, स्थानीय लोग और श्रद्धालु फंस रहे हैं।

माहरा ने कहा कि कैंची धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या सरकार के लिए कोई नई या अचानक सामने आई समस्या नहीं है। इसके बावजूद वर्षों से यातायात व्यवस्था के स्थायी समाधान के लिए गंभीर प्रयास नहीं किए गए। उन्होंने कहा कि जाम की समस्या के कारण सबसे अधिक परेशानी मरीजों और आपातकालीन सेवाओं को उठानी पड़ रही है। एंबुलेंस यदि घंटों जाम में फंसी रहे तो सरकार के विकास के दावों का कोई औचित्य नहीं रह जाता।

उन्होंने सरकार और प्रशासन से तत्काल वैकल्पिक मार्ग विकसित करने, बाईपास निर्माण, पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था, अतिरिक्त यातायात पुलिस की तैनाती और यातायात प्रबंधन की स्थायी योजना लागू करने की मांग की। माहरा ने कहा कि सरकार को अब बयानबाजी छोड़कर धरातल पर काम करना होगा।

‘सरकार नहीं जागी तो खुद शुरू करेंगे बाईपास निर्माण’

करन माहरा ने कहा कि यदि सरकार जल्द नहीं जागी तो कांग्रेस होटल एसोसिएशन और आम जनता को साथ लेकर आंदोलन तेज करेगी। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो होटल एसोसिएशन और आम जनता से सहयोग लेकर धन एकत्र किया जाएगा और वह धन सरकार को सौंपा जाएगा। इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस अपनी मशीनें लेकर बाईपास निर्माण का काम शुरू करेगी।

उन्होंने कहा कि यदि शासन-प्रशासन ने इस कार्य को रोकने का प्रयास किया तो इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। कांग्रेस जनता को साथ लेकर इस मुद्दे पर आंदोलन करेगी। माहरा ने कहा कि कैंची धाम केवल धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि पूरे पहाड़ की आस्था और पर्यटन का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में यहां की यातायात व्यवस्था के लिए सरकार को दीर्घकालिक योजना तैयार करनी चाहिए। श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ स्थानीय लोगों के सामान्य आवागमन और आपातकालीन सेवाओं को सुचारू रखना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

पत्रकार वार्ता में नगर पालिका अध्यक्ष अर्जुन रावत, पूर्व प्रवक्ता अतुल जोशी, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अगस्त लाल साह, गोविंद सिंह बिष्ट, चिलियानौला नगर अध्यक्ष कमलेश बोरा, महिला जिला अध्यक्ष गीता पंवार, नगर अध्यक्ष नेहा साह माहरा, पंचायती राज जिलाध्यक्ष त्रिलोक चंद आर्या, कार्यकारी अध्यक्ष पंकज जोशी, जिला प्रवक्ता दीपक पंत, कॉर्डिनेटर कुलदीप कुमार, हेमंत बिष्ट, जिला मीडिया प्रभारी सोनू सिद्दकी, कार्यालय प्रभारी रमेश पंत सहित कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top