Ranikhetnews

आर्मी पब्लिक स्कूल रानीखेत के छात्र रहे शहीद लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी की प्रतिमा का अनावरण, माता पिता भी मौजूद रहे।

आर्मी पब्लिक स्कूल रानीखेत के छात्र रहे शहीद लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी की प्रतिमा का अनावरण, माता पिता भी मौजूद रहे।

रानीखेत, संवाददाता। आर्मी पब्लिक स्कूल रानीखेत में गुरुवार को वीर पूर्व छात्र शहीद लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी की प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस दौरान विद्यालय परिवार और सेना के अधिकारियों ने शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित कर राष्ट्र सेवा में उनके सर्वोच्च बलिदान को याद किया। प्रतिमा स्थापित होने से विद्यालय परिसर में भावुक और गौरवपूर्ण माहौल रहा।

शहीद लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी की प्रतिमा विद्यालय के ही पूर्व छात्र एवं 10 मद्रास रेजिमेंट के कैप्टन सूरज मेहरा ने विद्यालय को भेंट की है। कार्यक्रम में शहीद के माता-पिता प्रमोद गोस्वामी और सरस्वती गोस्वामी की गरिमामय उपस्थिति रही। कमांडेंट ब्रिगेडियर विजयंत महादिक भी समारोह में मौजूद रहे।

कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र आदित्य ने लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी के जीवन, वीरता और राष्ट्र के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने शहीद के जीवन से जुड़ी प्रेरक बातों को साझा करते हुए कहा कि उनका साहस और देश के प्रति समर्पण युवाओं के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा।

‘प्रतिमा नहीं, वीरता की विरासत’

समारोह में छात्रों को संबोधित करते हुए कहा गया कि विद्यालय परिसर में स्थापित यह प्रतिमा महज एक स्मारक नहीं, बल्कि उस वीर युवक की विरासत है, जिसने कभी इन्हीं गलियारों में शिक्षा प्राप्त की थी। उनका जीवन सिखाता है कि साहस का अर्थ भय का अभाव नहीं, बल्कि भय के बावजूद सही के लिए खड़े रहना है। शहीद की प्रतिमा विद्यार्थियों को देशसेवा, अनुशासन और कर्तव्य के प्रति सदैव प्रेरित करती रहेगी।

कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की शिक्षिका निभा सिंह ने किया। अंत में प्रधानाचार्य कमलेश जोशी ने शहीद के माता-पिता, कमांडेंट ब्रिगेडियर विजयंत महादिक, कैप्टन सूरज मेहरा सहित समारोह में मौजूद सभी अतिथियों और विद्यालय परिवार का आभार जताया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top