Ranikhetnews

कैंचीधाम में जाम – अधिकारियों पर भड़के अजय टम्टा कहा मैं गाली क्यों खाऊं, मैं बोर्ड लगाकर अधिकारियों के नंबर लिखूंगा। केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा ने अधिकारियों को दिए निर्देश।

कैंचीधाम में जाम – अधिकारियों पर भड़के अजय टम्टा कहा मैं गाली क्यों खाऊं, मैं बोर्ड लगाकर अधिकारियों के नंबर लिखूंगा। केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा ने अधिकारियों को दिए निर्देश।

हल्द्वानी। कैंचीधाम और आसपास के मार्गों पर लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए वैकल्पिक मार्ग और पार्किंग विकसित करने की योजना बनाई जाएगी। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री अजय टम्टा ने शनिवार को काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक कर यातायात व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने पिछले सप्ताह कैंचीधाम में लगे जाम पर नाराजगी जताते हुए ऐसी स्थिति दोबारा पैदा न होने देने को कहा।

VIDEO:

 

मंत्री ने कहा कि कैंचीधाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए यातायात और दर्शन व्यवस्था बेहतर बनानी होगी। इसके लिए मंदिर प्रशासन के साथ समन्वय कर व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि जाम के कारण अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ समेत अन्य पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले यात्रियों को भी परेशानी उठानी पड़ती है। इसे देखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को वैकल्पिक मार्गों के प्रस्ताव जल्द तैयार करने को कहा गया है। अधिकारियों पर भड़के अजय टम्टा कहा मैं गाली क्यों खाऊं, मैं बोर्ड लगाकर अधिकारियो के नंबर लिखूंगा।

ज्योलीकोट से भेजे जाएंगे पर्वतीय मार्गों के वाहन

मंत्री ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों को ज्योलीकोट मार्ग से भेजने के निर्देश दिए, ताकि कैंचीधाम क्षेत्र में यातायात का दबाव कम किया जा सके। निगलाट के पास वन विभाग की नर्सरी की खाली भूमि पर पार्किंग बनाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग और वन विभाग को संयुक्त सर्वे कर रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया। पाटलीगांव से रातीघाट तक सड़क की खराब स्थिति पर भी उन्होंने नाराजगी जताई। अधिकारियों को इस मार्ग को दुरुस्त करने के साथ ही सैनिटोरियम से पाटलीगांव तक सड़क की मरम्मत कराने के निर्देश दिए, जिससे वैकल्पिक मार्ग से वाहनों की आवाजाही सुचारू हो सके।

रानीबाग में वैली ब्रिज का होगा सर्वे

बैठक में एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि रानीबाग स्थित भीमताल-नैनीताल तिराहे पर भी अक्सर जाम की स्थिति बनती है। यहां वैली ब्रिज बनने से नैनीताल आने-जाने वाले वाहनों को राहत मिल सकती है। इस पर मंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्ग और वन विभाग के अधिकारियों को संयुक्त सर्वे कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने गुलाबघाटी के चौड़ीकरण का प्रस्ताव जल्द स्वीकृत कर काम शुरू कराने की बात भी कही।

कैंचीधाम मंदिर सुबह चार बजे खोलने का सुझाव

अजय टम्टा ने कैंचीधाम मंदिर को सुबह छह बजे के बजाय चार बजे खोलने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि मंदिर में प्रवेश और निकासी के लिए एक ही मार्ग होने से भीड़ बढ़ती है। इसलिए श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकासी के लिए अलग-अलग मार्ग बनाने की संभावनाएं तलाशी जाएं। निकासी का रास्ता पार्किंग की ओर से विकसित करने के लिए मंदिर प्रशासन से बातचीत कर समाधान निकालने के निर्देश दिए गए, ताकि मंदिर के सामने सड़क पर जाम न लगे।

मंत्री ने भवाली से कैंचीधाम तक सड़क चौड़ीकरण का प्रस्ताव जल्द तैयार करने और वन विभाग के साथ समन्वय कर सर्वे कराने को कहा। इसके अलावा क्वारब से तल्ला रामगढ़ मार्ग को दो लेन करने तथा कैंचीधाम से हड़तप्पा तक वैकल्पिक सड़क बनाने के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। गौलापार-लालकुआं बाईपास को लेकर उन्होंने बताया कि इसके टेंडर हो चुके हैं और करीब डेढ़ वर्ष में निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य है।

वाहन निर्धारित पार्किंग में खड़े करने की अपील

केंद्रीय राज्यमंत्री ने आम लोगों से पर्वतीय मार्गों पर वाहन खड़े नहीं करने और निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन कर जाम की समस्या को कम करने में सभी सहयोग करें।

बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी आकाश, आरटीओ अरविंद कुमार पांडे, राष्ट्रीय राजमार्ग के अधीक्षण अभियंता राजेश पांडे, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता रतनेश, उपजिलाधिकारी मोनिका, सहायक अभियंता प्रमोद सुयाल समेत पुलिस, वन विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top