
शिकायत वापस लेने का दबाव बना रहे पति, रेखा आर्य ने आरोपों को बताया निराधार, गिरधारी लाल साहू के आरोपों का रेखा आर्य ने दिया जवाब।
देहरादून। पति गिरधारी लाल साहू की ओर से 210 करोड़ रुपये की कथित अवैध संपत्ति जुटाने और महिला एवं बाल विकास विभाग में अनियमितताओं के आरोप लगाए जाने के बीच कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने अस्पताल से ही अपना पक्ष रखा। मीडिया से बातचीत में मंत्री ने आरोप लगाया कि उनके पति उन पर पुलिस को दी गई शिकायत वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। उनके मुताबिक, शिकायत वापस लेने पर सभी आरोप खत्म होने की बात कही जा रही है। मंत्री ने कहा कि उन्होंने सोच-समझकर यह कदम उठाया है और वह अपने फैसले पर कायम हैं।

वहीं, पति की ओर से लगाए गए कथित अवैध संपत्ति और विभागीय अनियमितताओं के आरोपों को रेखा आर्य ने निराधार बताया। उन्होंने कहा कि वह पिछले दस वर्षों से सार्वजनिक जीवन में हैं और उनके विभाग में पारदर्शी व्यवस्था के तहत काम होता है। मंत्री ने कहा कि यदि किसी को उनकी संपत्ति या विभागीय कार्यप्रणाली को लेकर कोई संदेह है, तो उसकी निष्पक्ष जांच कराई जा सकती है। वह जांच के लिए पूरी तरह तैयार हैं। दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों के बीच यह मामला राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है।

