
AWES एक्सीलेंस अवॉर्ड्स में आर्मी पब्लिक स्कूल रानीखेत को मिले दो पुरस्कार, एक लाख और 75 हजार रुपये की पुरस्कार राशि भी मिली।
रानीखेत। आर्मी पब्लिक स्कूल रानीखेत ने शैक्षणिक क्षेत्र में अपनी उत्कृष्टता का परिचय देते हुए AWES एक्सीलेंस अवॉर्ड्स-2026 में दो महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। विद्यालय को एक श्रेणी में प्रथम और दूसरी श्रेणी में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।

आर्मी पब्लिक स्कूल, शंकर विहार में आयोजित सम्मान समारोह में विद्यालय के प्रधानाचार्य कमलेश जोशी को लेफ्टिनेंट जनरल रंजीत सिंह, डीजी (DC & W) तथा मेजर जनरल पीआर मुरली, एमडी (AWES) ने पुरस्कार प्रदान किए।
शैक्षणिक सत्र 2025-26 के प्रदर्शन के आधार पर विद्यालय ने Best in Academic (Small Category) में प्रथम स्थान हासिल किया। इसके लिए विद्यालय को ट्रॉफी के साथ एक लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई। वहीं OPI (Category-5) में द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर ट्रॉफी और 75 हजार रुपये की पुरस्कार राशि मिली।

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार यह उपलब्धि प्रधानाचार्य के नेतृत्व, शिक्षकों के समर्पण, विद्यार्थियों की मेहनत और पूरे विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। शिक्षा की गुणवत्ता, अनुशासन, नवाचार और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों को इस सम्मान के जरिए राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।
विद्यालय के चेयरमैन ब्रिगेडियर विजयंत महादिक ने इस उपलब्धि पर प्रधानाचार्य और समस्त स्टाफ को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय की निरंतर प्रगति और बेहतर प्रदर्शन के पीछे सभी का परिश्रम, समर्पण और प्रतिबद्धता महत्वपूर्ण है। दो प्रतिष्ठित पुरस्कार मिलने से विद्यालय परिवार में उत्साह है और इसे भविष्य में शैक्षणिक गुणवत्ता को और बेहतर बनाने की प्रेरणा के रूप में देखा जा रहा है।

