
हल्द्वानी की घटना के विरोध में रानीखेत कांग्रेस का प्रदर्शन, पुतला फूंककर जताया आक्रोश, निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग।
रानीखेत। हल्द्वानी में नाबालिग किशोरी के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना के विरोध में रानीखेत कांग्रेस कमेटी ने गांधी चौक पर प्रदर्शन कर प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं, स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और युवाओं ने पुतला दहन कर घटना पर आक्रोश जताया। प्रदर्शनकारियों ने पीड़िता को न्याय दिलाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान मामले में गिरफ्तार धीरज बिष्ट और उसके साथियों को लेकर भी नाराजगी जताई गई। उल्लेखनीय है कि धीरज बिष्ट वर्ष 2026 में हल्द्वानी के एमबीपीजी कॉलेज में एबीवीपी की ओर से छात्रसंघ अध्यक्ष पद का प्रत्याशी रहा है। वक्ताओं ने कहा कि मामले में किसी भी राजनीतिक पहचान या प्रभाव को आड़े नहीं आने देना चाहिए। पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देवभूमि में इस तरह की घटनाएं समाज को झकझोरने वाली हैं। बेटियों की सुरक्षा केवल नारों और भाषणों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि सरकार को इसके लिए धरातल पर ठोस कदम उठाने होंगे। उन्होंने भाजपा सरकार के ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ नारे पर सवाल उठाते हुए कहा कि महिला सुरक्षा को लेकर किए जा रहे दावों और जमीनी हकीकत के बीच अंतर दिखाई दे रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने पूरे मामले की समयबद्ध जांच कराने, पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने तथा दोषियों को कानून के अनुसार कठोर सजा दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि बेटियों के सम्मान और सुरक्षा के सवाल पर किसी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता।प्रदर्शन का नेतृत्व प्रभारी डीप डांगी ने किया। जिलाध्यक्ष दीपक किरौला ने अध्यक्षता और यूथ विधानसभा अध्यक्ष अंकिता पंत ने संचालन किया। इस अवसर अनेकों कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

