
2022 के चुनाव में भाजपा के प्रमोद नैनवाल और कांग्रेस के करन माहरा कितनी थी संपत्ति ? देखिये चुनावी हलफनामे का आंकलन।
रानीखेत। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में रानीखेत सीट से भाजपा प्रत्याशी डॉ. प्रमोद नैनवाल और कांग्रेस प्रत्याशी करन माहरा की ओर से दाखिल चुनावी हलफनामों में संपत्ति का बड़ा अंतर सामने आया था। निर्वाचन आयोग में जमा किए गए शपथपत्रों के अनुसार, भाजपा प्रत्याशी प्रमोद नैनवाल ने करीब 5.71 करोड़ रुपये की कुल संपत्ति घोषित की थी, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी करन माहरा की कुल घोषित संपत्ति करीब 2.59 करोड़ रुपये थी। इस तरह दोनों प्रत्याशियों की घोषित संपत्ति में लगभग 3.12 करोड़ रुपये का अंतर था।
चुनावी हलफनामे के मुताबिक, प्रमोद नैनवाल की चल संपत्ति 48.84 लाख रुपये और अचल संपत्ति करीब 5.22 करोड़ रुपये थी। उनकी अचल संपत्तियों में कृषि भूमि, भतरौंजखान में गैर-कृषि भूमि, पेट्रोल पंप में 50 प्रतिशत हिस्सेदारी और हल्द्वानी के मुखानी में आवासीय भवन शामिल थे। उन्होंने करीब 25 लाख रुपये की देनदारी भी घोषित की थी।
वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी करन माहरा ने 48.71 लाख रुपये की चल संपत्ति और करीब 2.10 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति घोषित की थी। उनके हलफनामे में रानीखेत सहित अन्य स्थानों पर भूमि तथा गाजियाबाद, देहरादून और हल्द्वानी में आवासीय भवनों का विवरण दर्ज था। उन्होंने करीब 33.76 लाख रुपये की देनदारी घोषित की थी।
दोनों प्रत्याशियों की घोषित संपत्ति से देनदारियां घटाने पर प्रमोद नैनवाल की शुद्ध संपत्ति करीब 5.46 करोड़ रुपये और करन माहरा की करीब 2.25 करोड़ रुपये बैठती है। यह आंकड़े वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान निर्वाचन आयोग में जमा किए गए प्रत्याशियों के स्वघोषित हलफनामों पर आधारित हैं।

