
अंकिता भंडारी की मां सोनी देवी लड़ सकती हैं विधानसभा चुनाव, कांग्रेस में टिकट को लेकर मंथन
देहरादून। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी बीच अंकिता भंडारी की मां सोनी देवी के चुनाव मैदान में उतरने की चर्चाओं ने प्रदेश की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कांग्रेस सोनी देवी को पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ाने पर विचार कर रही है। कुछ सूत्रों के अनुसार उन्हें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विरुद्ध भी चुनाव में उतारा जा सकता है वही कुछ सूत्र उन्हें यमकेश्वर विधानसभा सीट से प्रत्याशी बनाए जाने की भी चर्चा है।

जानकारी के अनुसार, कांग्रेस के भीतर सोनी देवी की उम्मीदवारी को लेकर पार्टी नेतृत्व तक प्रस्ताव पहुंचाया गया है। 19 नवंबर की मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, कांग्रेस के एक महामंत्री ने राहुल गांधी के समक्ष सोनी देवी को टिकट देने की मांग उठाई है। पार्टी का एक वर्ग इसे अंकिता भंडारी प्रकरण से जुड़ी जनभावनाओं और न्याय की लड़ाई से जोड़कर देख रहा है। वहीं, पार्टी के कुछ पदाधिकारियों का मानना है कि सोनी देवी के राजनीति में आने से अंकिता को न्याय दिलाने का मुद्दा प्रभावित हो सकता है।
हालांकि, कांग्रेस की ओर से अभी तक सोनी देवी की उम्मीदवारी को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। चुनाव लड़ने के संबंध में अंतिम निर्णय सोनी देवी और उनके परिवार की सहमति के बाद ही होने की बात कही जा रही है।
नोट: सोनी देवी के चुनाव लड़ने और कांग्रेस से टिकट मिलने की खबर फिलहाल मीडिया रिपोर्ट्स एवं राजनीतिक चर्चाओं पर आधारित है, आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

