
ब्लॉगर बिरजू मयाल पर घर में घुसकर अभद्रता करने का आरोप, महिला ने पुलिस को दी तहरीर
रामनगर। सोशल मीडिया ब्लॉगर बिरजू मयाल पर रामनगर निवासी एक महिला ने घर में घुसकर अभद्रता करने और उसकी छोटी बच्ची को परेशान करने की नीयत से हरकत करने का आरोप लगाया है। महिला ने मामले में रामनगर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की है।

महिला के पति के अनुसार, उनका परिवार रामनगर की एक राजकीय विभागीय कॉलोनी में रहता है। घटना के समय वह ड्यूटी पर गए हुए थे। घर पर उनकी पत्नी, मां और छोटी बच्ची मौजूद थीं। इसी दौरान कथित रूप से घर में घुसकर उनकी पत्नी के साथ अभद्रता की गई और बच्ची को भी परेशान करने का प्रयास किया गया।
महिला के पति ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि किसी की मानसिक स्थिति को लेकर टिप्पणी या बहाना बनाकर किसी के साथ अभद्र व्यवहार और व्यक्तिगत नुकसान पहुंचाने को उचित नहीं ठहराया जा सकता।
फिलहाल रामनगर पुलिस कोतवाली में मिली तहरीर के आधार पर मामले की जांच में जुटी है। घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने भी पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

