Ranikhetnews

23 साल पुराने जैनी प्रकरण में नया मोड़, हरक सिंह रावत के खिलाफ असम में मुकदमा दर्ज, महिला थाने में 17 धाराओं में एफआईआर।

23 साल पुराने जैनी प्रकरण में नया मोड़, हरक सिंह रावत के खिलाफ असम में मुकदमा दर्ज, महिला थाने में 17 धाराओं में एफआईआर।

देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में करीब 23 साल पहले चर्चित रहे जैनी प्रकरण ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। असम निवासी इंदिरा देवड़ी उर्फ जैनी की शिकायत पर पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत के खिलाफ गुवाहाटी के पानबाजार महिला थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में 17 धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज होने से प्रदेश की राजनीति में भी हलचल तेज होने के आसार हैं।

जैनी ने अपनी शिकायत में वर्ष 2002-03 के दौरान नाबालिग अवस्था में यौन शोषण, जबरन बंधक बनाने, गर्भावस्था के दौरान प्रताड़ित करने और साक्ष्य मिटाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला के मुताबिक, घटना के समय उसकी उम्र करीब 16 वर्ष थी और वह देहरादून के यमुना कॉलोनी क्षेत्र में बस अड्डे के पास एक एसटीडी बूथ पर काम करती थी। आरोप है कि नौकरी दिलाने का झांसा देकर हरक सिंह रावत के एक राजनीतिक कार्यकर्ता ने उसे यमुना कॉलोनी स्थित तत्कालीन मंत्री के सरकारी आवास पर पहुंचाया था, जहां उसे करीब डेढ़ से दो महीने तक जबरन रखा गया।

महिला ने इस मामले में उत्तराखंड के डीजीपी दीपम सेठ को भी शिकायत सौंपी थी। इसके अलावा उसने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा से मुलाकात कर न्याय की मांग की थी। शिकायत में महिला ने अपने बेटे का डीएनए परीक्षण कराने और पुराने मामले से जुड़े रिकॉर्ड जब्त कर दोबारा जांच कराने की मांग भी उठाई है। उसने पूर्व में हुई जांच की निष्पक्षता पर सवाल खड़े किए हैं।

गौरतलब है कि वर्ष 2003 में जैनी प्रकरण सामने आने के बाद हरक सिंह रावत को मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था। उस समय मामले की सीबीआई जांच हुई थी। डीएनए परीक्षण में कथित तौर पर मेल नहीं मिलने के बाद हरक सिंह रावत को क्लीन चिट मिल गई थी। अब करीब 23 साल बाद दोबारा मुकदमा दर्ज होने से यह पुराना मामला फिर सुर्खियों में आ गया है। इस घटनाक्रम के बाद उत्तराखंड में भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज होने की संभावना है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top